Sehore: महज 3 दिन में सीहोर में 11 इंच बारिश, जिले में टॉप पर शहर

Sehore News: सीहोर। शहर में मानसून की खासी मेहरबान बनी हुई है। बारिश के शुरुआती जून-जुलाई के महीनों में आशानुरूप बारिश नहीं हो रही थी, लेकिन अब अगस्त ने पूरे शहर को तरबतर कर दिया है। बुधवार को जिलेभर में झमाझम बारिश दर्ज की गई। जबकि 9-10 अगस्त की रात भी महज 5 घंटे में 7 इंच बारिश हुई थी, जिससे महज पिछले तीन दिनों के भीतर ही सीहोर शहर में करीब 11 इंच बारिश हो चुकी है, जिसके साथ ही बारिश के मामले में सीहोर शहर पूरे जिले में शीर्ष पर पहुंच गया है।
बता दें मौसम विभाग ने बीते 4 दिन पहले शहर सहित जिले में बारिश का अलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग ने इस दौरान बारिश की चेतावनी जारी की थी। जारी अलर्ट के अनुसार 9-10 जुलाई की रात से ही शहर में भारी बारिश का दौर जारी है। महज तीन दिन में सीहोर शहर में 11 इंच बारिश हो चुकी है। जारी आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों में जिले में औसतन 0.76 इंच (19.5 मिमी) बारिश हुई। इसमें सबसे ज्यादा बारिश सीहोर शहर में 4.37 इंच दर्ज की गई।
तहसीलवार बारिश की स्थिति (बीते 24 घंटे)
सीहोर: 4.37 इंच
इछावर: 0.66 इंच
श्यामपुर: 0.57 इंच
रेहटी: 0.32 इंच
आष्टा: 0.19 इंच
जावर, भैंरुंदा और बुधनी में बीते 24 घंटों के दौरान बारिश दर्ज नहीं की गई।
पिछले साल की तुलना में भी कमी
बता दें 1 जून से अब तक जिले में कुल औसत 26.31 इंच बारिश हो चुकी है। जिले की सामान्य औसत वर्षा 45.21 इंच होती है, जिसके मुकाबले अभी भी जिला सामान्य से 18.92 इंच बारिश पीछे चल रहा है। यदि पिछले साल से तुलना करें तो बीते वर्ष आज की तारीख तक औसत 26.52 इंच बारिश हो चुकी थी। इस लिहाज से इस बार अब तक 0.21 इंच बारिश कम दर्ज हुई है।
तहसीलवार स्थिति
जिले में 1 जून से लेकर अब तक बारिश के आंकड़ों की बात करें तो सबसे अधिक बारिश सीहोर ब्लॉक में हुई है, जहां अब तक 32.21 इंच बारिश रिकार्ड की जा चुकी है, जबकि रेहटी 29.07 इंच, भैंरूंदा 26.22, बुधनी 25.94, आष्टा 25.78 इंच, इछावर 25.31 इंच, श्यामपुर 24.66 इंच, जावर 21.25 इंच बारिश दर्ज की गई।
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले 24 से 48 घंटों में जिले में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। फिलहाल कुछ दिनों तक तेज बारिश की संभावना नहीं है।