बाढ़ पीडि़त परिवारों के लिए मैदान में आएगी कांग्रेस, निकालेगी राहत पैकेज पदयात्रा

Sehore News: सीहोर। सीहोर विधानसभा क्षेत्र के करीब चार दर्जन गांवों में आई भीषण बाढ़ से बेघर हुए ग्रामीणों और भारी नुकसान झेल रहे किसानों की लड़ाई अब कांग्रेस पार्टी खुलकर लडऩे जा रही है। आपदा की इस कठिन घड़ी में बाढ़ प्रभावित परिवारों को हक, सम्मान और न्याय दिलाने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में आगामी बुधवार 19 अगस्त को अहमदपुर से श्यामपुर तक विशाल राहत पैकेज पदयात्रा निकाली जाएगी।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ हजारों बाढ़ पीडि़त ग्रामीण इस पदयात्रा में शामिल होकर प्रशासन के खिलाफ हुंकार भरेंगे और पदयात्रा के अंत में श्यामपुर तहसील कार्यालय का घेराव कर विशेष राहत पैकेज की मांग का ज्ञापन सौंपेंगे।
अहमदपुर से शुरू होकर श्यामपुर पहुंचेगी पदयात्रा
जिला कांग्रेस कमेटी और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अहमदपुर, श्यामपुर, दोराहा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह पदयात्रा दो अलग-अलग चरणों में पूरी होगी। प्रथम चरण में बुधवार सुबह 9 बजे अहमदपुर से पदयात्रा की शुरुआत होगी, जो वानखेड़ा होते हुए चरनाल पहुंचेगी। यहां अल्प विश्राम के बाद यात्रा अगले चरण के लिए रवाना होगी। जबकि द्वितीय चरण दोपहर 12 बजे यात्रा छतरी और सोठी गांव होते हुए श्यामपुर की ओर बढ़ेगी।
तहसील का करेंगे घेराव
दोपहर 2 बजे पदयात्रा का समापन श्यामपुर तहसील कार्यालय पर होगा, जहां कांग्रेस पार्टी प्रशासनिक ढिलाई के विरोध में तहसील कार्यालय का घेराव करेगी और बाढ़ पीडि़तों के हक में ज्ञापन सौंपेगी।
कांग्रेस की यह मांगें
विशेष राहत पैकेज: प्रत्येक बाढ़ प्रभावित परिवार को तुरंत विशेष राहत पैकेज दिया जाए।
निष्पक्ष सर्वे: मकान, दुकान, फसल, अनाज और पशुधन के नुकसान का सही व पारदर्शी सर्वे हो।
पर्याप्त मुआवजा: किसानों की बर्बाद फसलों का उचित और पूरा मुआवजा दिया जाए।
इन्फ्रास्ट्रक्चर की मरम्मत: क्षतिग्रस्त रास्तों, पुल-पुलियों और बिजली व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए।
खाद्यान्न व शिक्षा में मदद: प्रभावित परिवारों को निशुल्क राशन-सामग्री और बच्चों की पढ़ाई के लिए विशेष आर्थिक सहायता दी जाए।
स्थायी समाधान: भविष्य में बाढ़ से बचाव के लिए ठोस और स्थायी कार्ययोजना बनाई जाए।
अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें ग्रामीण
कांग्रेस पार्टी ने सीहोर विधानसभा के सभी ग्रामवासियों, किसान भाइयों, बाढ़ पीडि़तों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों से इस पदयात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है। इस आयोजन में जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल, किसान कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एससी/एसटी, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक विभाग सहित पार्टी के सभी प्रकोष्ठों व विभागों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेंगे। कांग्रेस नेताओं ने कहा है बाढ़ से टूटे हैं घर-बार, अब सरकार दे राहत का अधिकार।