बाढ़ पीडि़तों के मददगार बने विधायक, तुरंत उपलब्ध कराया एक-एक महीने का राशन

Sehore News: सीहोर। विधानसभा क्षेत्र के श्यामपुर और आसपास के गांवों में रविवार-सोमवार की रात हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। बाढ़ के पानी से सैकड़ों परिवारों की गृहस्थी का सामान और खाने-पीने का राशन पूरी तरह खराब हो गया। इस आपदा की घड़ी में विधायक सुदेश राय के बाहर होने की स्थिति में उन्होंने तुरंत ही सोमवार को अपने भांजे राजकुमार जायसवाल को मौके पर भेजा था, जबकि आज विधायक स्वयं मुख्यालय आ गए, नतीजतन विधायक सुदेश राय तुरंत प्रभावितों के बीच पहुंचे। बाढ़ पीडि़तों की गंभीर परेशानी को देखते हुए विधायक सुदेश राय ने अपनी व्यक्तिगत ओर से सभी प्रभावितों को तत्काल एक-एक महीने का मुफ्त राशन उपलब्ध कराया है।
विधायक सुदेश राय ने बाढ़ से सर्वाधिक प्रभावित चरनाल, छापरी, बनखेड़ा, गोपालपुरा, सहित अनेक गांवों का दौरा किया। कई इलाकों में घुटनो तक भरे पानी के बीच खुद पैदल चलकर वे पीडि़त परिवारों के घरों तक गए। जलमग्न हुए मकानों और बर्बाद हुए सामान की जमीनी हकीकत देखकर विधायक राय भावुक हो गए। उन्होंने प्रभावितों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें हर संभव मदद का अटूट विश्वास दिलाया।
तुरंत दिलाया एक महीने का राशन
बाढ़ के कारण लोगों के घरों में रखा अनाज पूरी तरह डूबकर नष्ट हो चुका था, जिससे परिवारों के सामने भूखे रहने का संकट खड़ा हो गया था। इस मानवीय संकट को भांपते हुए विधायक सुदेश राय ने बिना सरकारी प्रक्रिया का इंतजार किए, तुरंत अपनी ओर से सभी पीडि़त परिवारों को एक-एक महीने का संपूर्ण राशन अनाज, तेल व सामग्री उपलब्ध करवाई। उन्होंने ग्रामीणों से कहा संकट के इस कठिन समय में आप खुद को अकेला न समझें। जब तक स्थिति सामान्य नहीं होती, आपका विधायक आपके साथ खड़ा है।
तहसीलदार और पटवारी को मौके पर ही दिए निर्देश
दौरे के दौरान प्रशासनिक अमला तहसीलदार और पटवारी भी विधायक के साथ मौजूद रहे। विधायक सुदेश राय ने मौके पर ही अधिकारियों की बैठक ली और सख्त हिदायत दी कि बिना किसी देरी के पारदर्शी तरीके से पूरे नुकसान का सर्वे किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि चरनाल, छापरी, बनखेड़ा, गोपालपुरा सहित सभी गांवों के हर पीडि़त का नाम सर्वे सूची में दर्ज होना चाहिए ताकि शासन से मिलने वाली आर्थिक मदद और मुआवजा राशि जल्द से जल्द लोगों के खातों तक पहुंच सके।