Sehore: शहर में एक और महिला मार्केट बनेगा…

Sehore News: सीहोर। नगर पालिका परिषद की महत्वपूर्ण परिषद बैठक में शहर के विकास और महिला सशक्तिकरण को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। नपा अध्यक्ष प्रिंस राठौर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कुल 37 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इस बैठक का मुख्य आकर्षण शहर में एक और नए महिला मार्केट के निर्माण का निर्णय रहा।
शहर की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और व्यापार के बेहतर अवसर मुहैया कराने के उद्देश्य से एक और महिला मार्केट बनाने की योजना को हरी झंडी दी गई है। बता दें कि इससे पहले पूर्व परिषद द्वारा शहर के प्रसिद्ध मनकामेश्वर मंदिर के सामने पहला महिला मार्केट बनवाया गया था। उसी तर्ज पर अब वर्तमान परिषद द्वारा वार्ड क्रमांक 28 में संघ कार्यालय के सामने नदी चौराहा पर लगभग 1.35 करोड़ रुपये की लागत से नया महिला मार्केट तैयार कराया जाएगा। मुख्यमंत्री नगरीय अधोसंरचना निर्माण योजना के तहत इसके निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया पर परिषद में विस्तार से विचार कर निर्णय लिया गया।
बदले दो स्थलों के नाम
बैठक में लिए निर्णय अनुसार नगर पालिका ऑडिटोरियम का नाम अब स्वतंत्रता संग्राम के प्रथम शहीद वीर शिरोमणि चैन सिंह के नाम पर होगा। शहर के प्रसिद्ध बाल विहार ग्राउंड का नाम समाजसेवी स्वर्गीय दादाभाई शिवलाल सिंह चौहान के नाम पर रखा गया है।
करोड़ों रुपये के निर्माण कार्यों को वित्तीय मंजूरी
4.99 करोड़ की लागत से सडक़ व डिवाइडर: भोपाल नाका से कोतवाली चौराहा और शुगर फैक्ट्री चौराहा से लूनिया चौराहा तक सीसी रोड, डिवाइडर और पोल कार्य के पुनरीक्षित प्राक्कलन को स्वीकृति।
3.39 करोड़ की नई सडक़: शुगर फैक्ट्री चौराहा से तहसील चौराहा तक सीसी रोड, डिवाइडर व लाइट पोल का निर्माण।
62.51 लाख से अंबेडकर मंगल भवन: वार्ड 14 फॉरेस्ट कॉलोनी के पास नए अंबेडकर मंगल भवन के निर्माण को वित्तीय मंजूरी।

महिला सशक्तिकरण लक्ष्य: प्रिंस राठौर
नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा शहर का सर्वांगीण विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। परिषद की बैठक में चर्चा हुई है कि नदी चौराहा पर नया महिला मार्केट बनाया जाएगा, जिससे हमारी बहनों को रोजगार और व्यापार के नए साधन मिलेंगे।