किसानों-ग्रामीणों के दर्द के बीच पहुंचे पूर्व जिपं. अध्यक्ष अरोरा, कहा- संकट की इस घड़ी में हर पीडि़त के साथ खड़ी है सरकार

सीहोर। रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात सीहोर विधानसभा क्षेत्र में हुई भीषण और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। आसमानी आफत से प्रभावित किसानों और ग्रामीणों का दर्द बांटने के लिए वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा मंगलवार को सीधे जमीनी स्तर पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित गांवों का दौरा कर जलमग्न हुए खेतों का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया।
जसपाल सिंह अरोरा सीहोर विधानसभा क्षेत्र के मिट्टूखेड़ी और सिराड़ी गांव पहुंचे। यहां उन्होंने खेतों में उतरकर जलभराव के कारण नष्ट हुई फसलों को देखा। बता दें लगातार बारिश और खेतों में पानी भरने से किसानों की महीनों की कड़ी मेहनत और पूंजी पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है। खेतों का मंजर देखकर उन्होंने चिंता व्यक्त की और पीडि़त किसानों से चर्चा कर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
घरों में घुसा नदी-नालों का पानी, घरेलू सामान और अनाज नष्ट
बता दें बारिश का कहर सिर्फ खेतों तक सीमित नहीं रहा। अंचल के ृबनखेड़ा, चरानाल और रेवासी में नदी-नाले उफान पर आने से बाढ़ का पानी लोगों के घरों में घुस गया। इसके चलते कई घरों में रखा अनाज, कपड़े और रोजमर्रा का घरेलू सामान पूरी तरह पानी में डूबकर तबाह हो गया, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री से भी करेंगे बात
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता जसपाल सिंह अरोरा ने तत्काल स्थानीय तहसीलदार और प्रशासनिक अधिकारियों से फोन पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि बिना किसी देरी के प्रभावित खेतों और जलभराव वाले घरों का सही और त्वरित सर्वे कराया जाए, ताकि पीडि़तों को जल्द से जल्द राहत राशि और मुआवजा मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वह इस आपदा और नुकसान के संबंध में व्यक्तिगत रूप से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से बात करेंगे।
घबराएं नहीं किसान, नुकसान की होगी पूरी भरपाई
किसानों और ग्रामीणों को ढांढस बंधाते हुए जसपाल सिंह अरोरा ने कहा किसान भाई बिल्कुल चिंता न करें, जो भी नुकसान हुआ है उसकी पूरी भरपाई की जाएगी। मध्य प्रदेश में किसानों और आमजन की अपनी सरकार है। आपदा की इस कठिन घड़ी में हमारी सरकार और प्रशासन हर पीड़ित नागरिक के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। किसी भी प्रभावित को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।