रिटायर्ड बैंक अधिकारी शशांक द्विवेदी ने लिया देहदान का संकल्प, डॉ. गगन नामदेव ने दिलाई शपथ और सौंपा प्रमाण-पत्र

सीहोर। मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक के मिलन समारोह में समाज सेवा और मानवता की एक प्रेरणादायक मिसाल देखने को मिली। ग्रामीण बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारी और चाणक्यपुरी निवासी शशांक द्विवेदी ने समाज व राष्ट्र के हित में देहदान करने का महत्वपूर्ण संकल्प लिया। समारोह के दौरान डॉ. गगन नामदेव और बैंक के अन्य रिटायर्ड अधिकारियों ने उन्हें संकल्प की शपथ दिलाई तथा देहदान का प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
देहदान का संकल्प लेने के बाद शशांक द्विवेदी ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि उन्हें यह प्रेरणा सुबह के समय मिली और उन्होंने मानवता के हित में यह फैसला किया। उनका कहना था कि यदि उनके जाने के बाद उनके शरीर के किसी भी अंग से किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन या जान बच सके तो इससे बड़ा सौभाग्य और कुछ नहीं हो सकता।
डॉ. गगन नामदेव ने किया प्रेरित
इस अवसर पर प्रमुख रूप से उपस्थित डॉ. गगन नामदेव ने शशांक द्विवेदी के इस कदम की सराहना की और समाज में जागरूकता का संदेश दिया। डॉ. गगन नामदेव ने अपने संबोधन में कहा कि देहदान और ऑर्गन डोनेशन जैसे कदम समाज में सकारात्मक जागरूकता लाते हैं। उन्होंने बताया कि अंगदान से किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है, जो एक अत्यंत महान कार्य है। डॉ. गगन नामदेव ने कहा कि जब कोई व्यक्ति आगे बढक़र देहदान का संकल्प लेता है तो उससे समाज के अन्य लोगों को भी ऑर्गन डोनेशन की प्रेरणा मिलती है और आगे चलकर कई लोगों का जीवन बच सकता है।
मिलन समारोह में मिला सम्मान
मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक के रिटायर्ड अधिकारियों के मिलन समारोह में हुए इस आयोजन ने सभी उपस्थित लोगों को भावुक और प्रेरित किया। डॉ. गगन नामदेव व सेवानिवृत्त बैंक अधिकारियों ने शशांक द्विवेदी को शपथ दिलाने के बाद उन्हें देहदान का प्रमाण-पत्र सौंपा और उनके इस जनहितैषी निर्णय के लिए उनका अभिनंदन किया।