सीहोर। सरकारी विभागों द्वारा अदालती आदेशों को ठंडे बस्ते में डालकर किसानों को सालों तक चक्कर कटवाने का एक बड़ा मामला बुधवार को निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया। जबलपुर हाईकोर्ट से भी केस हारने के बावजूद किसानों का बढ़ा हुआ मुआवजा रोककर रखने वाले रेलवे प्रशासन के खिलाफ बुधनी जिला न्यायालय ने सख्त रुख अपनाते हुए कड़ा कदम उठाया है। कोर्ट ने डिक्री निष्पादन के मामले में बुधनी-इंदौर रेलवे लाइन की बहुमूल्य जमीन को कुर्क करने की कार्रवाई को अंजाम दिया।

यह पूरा विवाद वर्ष 2017-18 में बुधनी-बरखेड़ा रेलवे लाइन परियोजना के लिए किए गए भूमि अधिग्रहण से जुड़ा है। उस समय बांसापुर, माना और तालपुरा सहित आसपास के गांवों के किसानों की उपजाऊ जमीनें रेलवे ने अधिग्रहित की थीं, लेकिन उन्हें बाजार मूल्य से काफी कम मुआवजा थमा दिया गया था। अपने हक के लिए किसानों ने कानूनी लड़ाई का रास्ता चुना और बुधनी न्यायालय की शरण ली।
फरवरी 2022 में बुधनी जिला न्यायालय ने किसानों के हक में ऐतिहासिक फैसला सुनाया। कोर्ट ने भू.अर्जन अधिकारी बुधनी को निर्देश दिए थे कि जमीन का उचित बाजार मूल्य तय कर किसानों को बढ़ा हुआ मुआवजा दिया जाए साथ ही इस बढ़ी हुई राशि पर वर्ष 2017 से ब्याज का भुगतान भी सुनिश्चित किया जाए। किसानों को राहत देने वाले इस फैसले के खिलाफ रेलवे विभाग ने जबलपुर हाईकोर्ट में अपील दायर की, लेकिन वहां भी रेलवे को मुंह की खानी पड़ी और हाईकोर्ट ने निचली अदालत के आदेश को बरकरार रखा।
उच्च न्यायालय से मुहर लगने के बाद भी रेलवे विभाग ने किसानों को भुगतान करने में कोई रुचि नहीं दिखाई। वर्षों की लंबी प्रतीक्षा और प्रशासनिक टालमटोल से परेशान होकर किसानों ने दोबारा कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। इसके बाद न्यायालय ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए कुर्की वारंट जारी कर दिया। बुधवार को न्यायालय की टीम भारी अमले के साथ होलीपुरा क्षेत्र पहुंची और इंदौर.बुधनी रेलवे लाइन से जुड़ी जमीन खसरा नंबर 14/5/2, 14/2/2 और 9/2/2 के कुछ हेक्टेयर हिस्से को विधिवत कुर्क कर लिया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर बुधनी के राजस्व निरीक्षक दीप कुमार धुर्वेए हल्का पटवारी हरिद्वार कीरए ग्राम चौकीदारए न्यायालयीन कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस कानूनी लड़ाई की सबसे खास बात यह रही कि प्रभावित किसानों में शामिल सत्येंद्र सिंह शिवाच स्वयं पेशे से अधिवक्ता हैं। उन्होंने किसी बाहरी वकील के बजाय खुद ही अपने और साथी किसान धर्मपाल सिंह शिवाच सहित अन्य किसानों के भू.अर्जन प्रकरण की मजबूती से पैरवी की और इस मुकाम तक पहुंचाया। कुर्की की इस कार्रवाई के बाद अब रेलवे विभाग पर जल्द से जल्द किसानों की बकाया राशि ब्याज सहित चुकाने का भारी दबाव बन गया है।


