#सीहोर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कल 4 सितंबर के सीहोर दौरे से ठीक पहले राजनीतिक पारा चढ़ गया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने मुख्यमंत्री के आगमन का स्वागत करने के साथ ही क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को लेकर राज्य सरकार पर जुबानी हमला बोला है। राजीव गुजराती ने कहा कि सीहोर की जनता मुख्यमंत्री के दौरे से केवल औपचारिक कार्यक्रमों और भाषणों की नहीं, बल्कि लंबे समय से लंबित समस्याओं के ठोस समाधान की अपेक्षा कर रही है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने हाल ही में हुई भारी बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित गरीब और बेघर हुए परिवारों को दी गई 5000 की तात्कालिक राहत राशि ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और जीवन को दोबारा पटरी पर लाने के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा की जाए।
खराब सोयाबीन फसल का हो तत्काल सर्वे
मौसम की मार और अतिवृष्टि के कारण किसानों की सोयाबीन की फसल को हुए भारी नुकसान पर चिंता जताते हुए राजीव गुजराती ने सरकार से तत्काल खेतों का सर्वे कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि पटवारियों और कृषि विभाग की टीमों को तुरंत मैदान में भेजकर नुकसान का सही आकलन किया जाए और किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए।
सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार का आरोप
राजीव गुजराती ने आरोप लगाया कि सीहोर जिले की जीवनदायिनी नर्मदा नदी में धड़ल्ले से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन जारी है। इसके साथ ही उन्होंने तहसील कार्यालयों समेत अन्य सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार और जिले में चल रहे घटिया निर्माण कार्यों की जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
सर्विस रोड और रिंग रोड पर सरकार को घेरा
राजीव गुजराती ने सवाल उठाया कि हाउसिंग बोर्ड ओवरब्रिज की दूसरी सर्विस रोड का काम सालों से अधूरा क्यों पड़ा है, जिससे आम जनता रोजाना ट्रैफिक जाम से परेशान हो रही है। शहर की अधूरी रिंग रोड और बदहाल सडक़ों की मरम्मत कब तक होगी।
पॉवर ट्रांसफॉर्मर इकाई का शुभारंभ करेंगे सीएम
बता दें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कल 4 सितंबर को सीहोर में सीजी ्रक्रॉम्पटन एंड ग्रीव्स कंपनी की 50 एकड़ में फैली नई पॉवर ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण इकाई का शुभारंभ करेंगे। करीब 13-14 महीने में तैयार हुई इस यूनिट में 220 केवी से 1200 केवी क्षमता के उच्च स्तरीय ट्रांसफॉर्मर बनेंगे, जिससे क्षेत्र में 2000 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने का दावा किया गया है।
राजीव गुजराती ने कहा कि विकास परियोजनाओं का स्वागत है, लेकिन जब तक जमीनी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होता, कांग्रेस जनहित में जनता की आवाज मुख्यमंत्री के समक्ष मजबूती से उठाती रहेगी।


