देशभर से आए कांवडिय़ों की वेलकम ग्रुप ने की अगवानी, खिचड़ी-फलाहार से किया स्वागत

Sehore News: सीहोर। सावन मास के पावन अवसर पर सीहोर की सीवन नदी तट से प्रसिद्ध कुबेरेश्वर धाम तक भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। देश के कोने-कोने से पहुंच रहे कांवडिय़ों और शिवभक्तों के स्वागत में शहरवासी पलक-पांवड़े बिछाए हुए हैं। इसी कड़ी में रविवार को इंदौर नाका के पास वेलकम ग्रुप के सदस्यों ने बरसते पानी सपरिवार कांवडिय़ों की भव्य अगवानी की और उन्हें गर्म खिचड़ी व फलाहार की प्रसादी भेंट की।
सेवा कार्य में जुटे वेलकम ग्रुप के सदस्य सुनील शर्मा, संतोष त्यागी, सतीश त्यागी मारसाहब, राधेश्याम राय बंटूए हेमंत पाटील, योगेश ओझा और विकास राठौर सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि दूर-दराज से आ रहे कांवडिय़ों की सेवा करना उनके लिए परम सौभाग्य की बात है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सीवन तट से धाम तक जगह-जगह सेवा पंडाल सजाए गए हैं, जहां निरंतर चाय, नाश्ता और प्रसादी उपलब्ध कराई जा रही है।
11 किमी पैदल यात्रा कर कुबेरेश्वर धाम पहुंच रहे भक्त
सीवन नदी से पवित्र जल भरकर श्रद्धालु 11 किलोमीटर की पैदल यात्रा तय कर कुबेरेश्वर धाम पहुंच रहे हैं। अब तक 10 लाख से अधिक भक्त जलाभिषेक कर चुके हैं, जबकि इस पूरे सावन मास में यह आंकड़ा 50 लाख पार होने का अनुमान है।
अर्धनारीश्वर झांकी बनी विशेष आकर्षण
यात्रा के दौरान हरिद्वार से आई भगवान श्रीकृष्ण और शिव-पार्वती के अर्धनारीश्वर स्वरूप की अनोखी झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, जो समाज को शिव और शक्ति के संतुलन का सुंदर संदेश दे रही है।
काशी रवाना हुए पंडित प्रदीप मिश्रा
बता दें कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा 9 अगस्त से आयोजित होने वाली शिव महापुराण कथा के लिए काशी रवाना हो गए हैं। उनके आह्वान पर आगामी 11 अगस्त को सावन शिवरात्रि के अवसर पर विश्वभर में करोड़ों श्रद्धालु अपने-अपने घरों से ऑनलाइन पार्थिव शिवलिंग अभिषेक करेंगे। धाम में विठलेश सेवा समिति की ओर से भी श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क भोजन प्रसादी की व्यापक व्यवस्था की गई है।