हर घर तिरंगा अभियान के तहत कुंवर चैन सिंह की छतरी पर चला स्वच्छता अभियान

सीहोर। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत शहर स्थित प्रथम स्वतंत्रता सेनानी वीर शिरोमणि कुंवर चैन सिंह जी की ऐतिहासिक छतरी परिसर में एक विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने परिसर में साफ सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया और ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण का संकल्प लिया। इस अभियान का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा और नगर पालिका अध्यक्ष विकास प्रिंस राठौर ने किया।
स्वच्छता अभियान के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल घरों पर तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रभक्ति, स्वच्छता और देश के गौरवशाली इतिहास के प्रति सम्मान जगाने का एक माध्यम है। वीर कुंवर चैन सिंह जैसे महान बलिदानियों की स्मृतियों से जुड़े स्थानों की स्वच्छता और रखरखाव हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
ऐतिहासिक स्थलों को स्वच्छ रखना सच्ची श्रद्धांजलि
नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें हर नागरिक की सहभागिता जरूरी है। अपने ऐतिहासिक और धरोहर स्थलों को साफ सुथरा रखना हमारे महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। इस अभियान के जरिए राष्ट्रप्रेम के साथ-साथ स्वच्छता का संदेश भी जन.जन तक पहुंचाया जा रहा है।
सफाई अभियान के दौरान भाजपाइयों ने झाड़ू लगाकर और कचरा हटाकर पूरे छतरी परिसर को स्वच्छ किया, साथ ही आम जनता से भी सार्वजनिक व ऐतिहासिक स्थलों को साफ रखने की अपील की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से नरेंद्र राजपूत, कमलेश कुशवाह, गगन नामदेव, सुशील ताम्रकार, मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति, निलेश राठौर, अनुराग मिश्रा, अक्षय चौहान, शुभम राठौर और प्रवेश राठौर सहित कई मंडल पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।