#सीहोर। श्यामपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाली और जर्जर स्थिति एक बार फिर उजागर हो गई है। मरीजों का इलाज करने वाले इस अस्पताल को अब खुद इलाज और मरम्मत की सख्त दरकार है। गुरुवार को चालू ओपीडी के दौरान डॉक्टर कक्ष की छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। इस हादसे में वहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अभिषेक दांगी के हाथ में चोट आई है। गनीमत यह रही कि प्लास्टर डॉक्टर के सिर या वहां मौजूद मरीजों पर नहीं गिरा, वरना कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
बताया जा रहा है कि घटना के समय डॉक्टर कक्ष में मरीजों का इलाज किया जा रहा था, तभी अचानक छत का प्लास्टर तेज आवाज के साथ नीचे आ गिरा। प्लास्टर गिरते ही कमरे में धूल का गुबार भर गया और वहां मौजूद मरीजों व स्वास्थ्यकर्मियों में अफरा तफरी मच गई। हादसे में घायल हुए डॉ. अभिषेक दांगी को प्राथमिक उपचार दिया गया है।

टपक रही है छत, जर्जर भवन से बना रहता है डर
अस्पताल के कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों का कहना है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन की हालत लंबे समय से अत्यंत जर्जर बनी हुई है। बारिश के दिनों में छत से लगातार पानी टपकता रहता है। सीपेज और नमी के कारण छत का प्लास्टर कमजोर होकर झडऩे लगा है। ऐसे में हर वक्त ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और इलाज कराने आने वाले दर्जनों मरीजों की जान पर खतरा बना रहता है।
अधिकारियों की चुप्पी पर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद अब स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्या विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है, जब अस्पताल में ऑन-ड्यूटी डॉक्टर ही सुरक्षित नहीं हैं, तो इलाज कराने आने वाले आम मरीजों की सुरक्षा का क्या होगा। ग्रामीणों ने मांग की है कि जर्जर भवन की तत्काल मरम्मत कराई जाए ताकि भविष्य में किसी संभावित बड़े हादसे को रोका जा सके।
इनका कहना है
ओपीडी के दौरान अचानक छत का प्लास्टर नीचे गिर गया, जिससे मेरे हाथ में चोट आई है। भवन में कई जगह पानी टपकने और सीपेज की समस्या है।
डॉ. अभिषेक दांगी, घायल चिकित्सा अधिकारी


