सीवन नदी से जल भरकर बाबा केदारनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

सीहोर। सावन के पावन अवसर पर श्री माधव महाकाल आश्रम आरोग्य आश्रम के तत्वावधान में कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। संत काटारे बाबा के आशीर्वाद एवं कथाव्यास पंडित मोहितराम पाठक के सान्निध्य में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
सीवन नदी से श्रद्धालुओं ने कांवड़ में जल भरकर बाबा केदारनाथ को अर्पित किया। संत-महात्माओं, साधु-संतों सहित शिवभक्तों, मातृशक्ति एवं महिला मंडलों की श्रद्धालुजन ने बाबा केदारनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की। जल अर्पण के बाद श्रद्धालुओं ने अमृत कुंड से जल ग्रहण किया और अपने-अपने घरों के लिए रवाना हुए।
हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा क्षेत्र
कांवड़ यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा। यात्रा में विधायक सुदेश राय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, जसपाल सिंह अरोरा, प्रीतम सांखला, संध्या बजाज, ब्राह्मण समाज अध्यक्ष दीपक शर्मा, राजेश मोहन, मनोज जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए।
कांवडिय़ों ने ग्रहण किया प्रसाद
आयोजन स्थल पर भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसादी ग्रहण की। आयोजन के माध्यम से सनातन संस्कृति, सेवा, धर्म एवं सामाजिक एकता का संदेश दिया गया। श्री माधव महाकाल आश्रम की ओर से तुलसीराम परमार ने बताया कि श्रावण माह के धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला जारी रहेगी। आगामी 17 अगस्त को रात 8 बजे भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया गया है।