कांग्रेस ने निकाला पैदल मार्च, बाबा साहेब की प्रतिमा के समक्ष जताया आक्रोश

Sehore News: सीहोर। उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम के बाद स्थल को गंगाजल से धोकर कथित शुद्धिकरण किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने शहर में पैदल मार्च निकाला और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष पहुंचकर अपना आक्रोश दर्ज कराया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व एवं सीहोर विधानसभा प्रभारी दिनेश मेघानी की विशेष उपस्थिति में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय में एकत्र हुए। यहां से कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च पर निकले, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ भारत माता की प्रतिमा और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष पहुंचा।
समानता और संविधान में विश्वास रखने वालों का अपमान
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा मल्लिकार्जुन खरगे का अपमान केवल कांग्रेस का नहीं, बल्कि देश के उन सभी नागरिकों का अपमान है जो समानता, लोकतंत्र और संविधान में विश्वास रखते हैं। किसी स्थान को गंगाजल से शुद्ध करने की मानसिकता जातिगत भेदभाव और संकीर्ण सोच को दर्शाती है। उन्होंने भाजपा और आरएसएस से इस घटना के लिए देश व दलित समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
तख्तियां लेकर गूंजे विरोध के नारे
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में विरोध की तख्तियां थीं और वे मल्लिकार्जुन खरगे का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान जैसे नारे लगा रहे थे। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, पार्षदों, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के पदाधिकारियों सहित रशीद भाई नेताजी, प्रीतम दयाल चौरसिया, राजेन्द्र वर्मा, राजाराम बड़े भाई, जफर लाला, रमेश गुप्ता, विवेक राठौर, घनश्याम यादव, मजीद अंसारी, गुलाब बाई ठाकुर, सनब्बर भाई और केके रिछारिया समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।