#Sehore, सीहोर। शहर में गणेश उत्सव का त्यौहार अत्यंत उल्लास, उत्साह और धार्मिक माहौल के साथ मनाया जा रहा है। शहर के विभिन्न गली-मोहल्लों और चौराहों पर स्थापित प्रतिमा पंडालों में प्रतिदिन श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ रहा है। इसी कड़ी में स्थानीय कुईया गार्डन स्थित लाला गणेश मंडल का पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण और आस्था का प्रमुख केंद्र बना रहा।
लाला गणेश मंडल द्वारा आयोजित इस भव्य गणेश उत्सव में दिनों-दिन भक्ति का अनुपम माहौल देखने को मिला, जहां आज अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश को पूर्ण श्रद्धाभाव और विधि-विधान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।
कुईया गार्डन में बिखरी अनुपम छटा
लाला गणेश मंडल द्वारा कुईया गार्डन में स्थापित भगवान गणेश जी की प्रतिमा और पंडाल को आकर्षक लाइटिंग व साज-सज्जा से सजाया गया था। इस दौरान मंडल की ओर से भगवान गणेश का विशेष और भव्य श्रृंगार किया गया जिसमें उन्हें नोटों की विशेष माला पहनाई गई थी।
उत्सव के दौरान रोजाना शाम के समय होने वाली महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे कुईया गार्डन परिसर में गणपति बप्पा मोरया के जयकारे गूंजते रहे। स्थानीय निवासियों ने परिवार सहित पहुंचकर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।
आदित्य के नेतृत्व में मंडल की सहभागिता
लाला गणेश मंडल के इस भव्य आयोजन की रूपरेखा एवं व्यवस्थाएं मंडल के अध्यक्ष आदित्य कुईया के कुशल नेतृत्व में तैयार की गईं। आयोजन को सफल बनाने में राहुल खरे सहित मंडल के सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। अध्यक्ष आदित्य कुईया ने बताया कि मंडल द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी गणेशोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए विशेष प्रयास किए गए थे। सभी के सहयोग से विभिन्न धार्मिक गतिविधियां आयोजित की गईं।
आज विसर्जन यात्रा
आदित्य ने बताया कि आज समापन अवसर पर भगवान गणेश जी की प्रतिमा की विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। ढोल-नगाड़ों और गुलाल की रंगत के बीच अपने प्रिय बप्पा को नम आंखों से विदाई देंगे।


