टाउन हॉल विसर्जन कुंड पर गूंजने लगे… गणपति बप्पा मौरया, अगले बरस तू जल्दी आ…

#Sehore, सीहोर। जिला मुख्यालय स्थित टाउन हॉल में 12 दिनों तक चले पावन गणेशोत्सव का शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर भक्तिमय माहौल में समापन हो गया। टाउन हॉल स्थित विसर्जन स्थल पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला हर्षोल्लास और जयकारों के साथ जारी है। श्रद्धालु ढोल-धमाकों, अबीर-गुलाल और नम आंखों से विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश को अगले वर्ष शीघ्र आने की मनोकामना के साथ अंतिम विदाई दे रहे हैं।
विसर्जन समारोह के दौरान प्रशासनिक मुस्तैदी के साथ.साथ अधिकारियों की धार्मिक आस्था भी देखने को मिली। तहसीलदार अमित सिंह ने अपनी पत्नी के साथ विसर्जन स्थल पर पहुंचकर पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया और जिले की सुख-समृद्धि की कामना की।
शहर में 100 से अधिक स्थानों पर विराजित थे बप्पा
बता दें गणेशोत्सव पर्व के दौरान शहर के लगभग 100 से अधिक सार्वजनिक पंडालों और प्रमुख स्थलों पर छोटी-बड़ी प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। लगातार 12 दिनों तक चले धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा-अर्चना के बाद शुक्रवार को प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए लाया जा रहा है।
विसर्जन के लिए चाक-चौबंद व्यवस्था
विसर्जन स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नगर पालिका परिषद और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। बड़ी प्रतिमाओं को उठाने के लिए घाट पर क्रेन की व्यवस्था की गई है। नगर पालिका का अमला खुद श्रद्धालुओं से प्रतिमाएं प्राप्त कर उन्हें पानी में ले जाकर ससम्मान विसर्जित कर रहा है।
गोताखोर तैनात
सुरक्षा के लिहाज से और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तट पर प्रशिक्षित गोताखोरों को तैनात किया गया है। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहकर पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं।
शाम ढलते ही पहुंचेगी बड़ी प्रतिमाएं
विसर्जन प्रक्रिया के शुरुआती दौर में घरेलू और छोटी प्रतिमाओं को लेकर श्रद्धालु पहुंचे। जैसे-जैसे दिन ढलता जाएगा और शाम होगी, शहर के विभिन्न प्रमुख पंडालों और झांकियों से विशाल गणेश प्रतिमाओं के पहुंचने का सिलसिला तेजी से शुरू हो जाएगा। रात तक चलने वाले इस विसर्जन दौर के लिए प्रकाश, सुरक्षा और बैरिकेडिंग के कड़े इंतजाम किए गए हैं।