#सीहोर। जिले भर में रक्षाबंधन का पावन पर्व पारंपरिक श्रद्धा, हर्ष और उत्साह के साथ मनाया गया। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनकी दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना की, वहीं भाइयों ने भी बहनों को रक्षा का वचन देते हुए उपहार भेंट किए।


त्योहार के इस खास मौके पर जनप्रतिनिधियों के निवास पर भी खासा उत्साह देखने को मिला। विधायक सुदेश राय ने अपने निज निवास पर बहनों से पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ राखी बंधवाई। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इसी क्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने भी अपनी बहनों से तिलक लगवाकर कलाई पर रक्षासूत्र बंधवाया और आशीर्वाद प्राप्त किया।
बाजारों में दिनभर बनी रही चहल-पहल
त्योहार को लेकर सुबह से ही शहर के मुख्य बाजार, सराफा बाजार, गांधी रोड, कोतवाली चौराहा और मेन रोड पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। राखियों और मिठाइयों की दुकानों पर दिनभर खरीदारी के लिए ग्राहकों का जमावड़ा लगा रहा। मिठाई की दुकानों पर घेवर, काजू कतली, सोनपापड़ी और गुलाब जामुन खरीदने के लिए लंबी कतारें देखी गईं।
कार्टून और ईको-फ्रेंडली राखियों का रहा क्रेज
इस बार बाजार में बड़ों के लिए रेशमी धागे, चंदन, रुद्राक्ष और कुंदन वाली राखियों की मांग रही, वहीं बच्चों के लिए डोरेमोन, छोटा भीम, स्पाइडरमैन, एलईडी लाइट और 3डी सिलिकॉन वाली राखियां मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाली तुलसी व सूरजमुखी के बीजों से निर्मित ईकोफ्रेंडली राखियों को भी लोगों ने काफी पसंद किया।
त्योहार के दौरान बाजारों में आमजन की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस व प्रशासन द्वारा यातायात और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे, जिससे पूरे जिले में शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में रक्षाबंधन का पर्व संपन्न हुआ।


