तीन दिन सीहोर में बड़े वाहनों की नो-एंट्री…

Sehore News: सीहोर। सीवन घाट से कुबेरेश्वर धाम तक पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन 24 अगस्त से 25 अगस्त तक किया जा रहा है। इस कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। श्रद्धालुओं की भारी संख्या और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन ने विशेष डायवर्सन (मार्ग परिवर्तन) प्लान जारी किया है।
यह डायवर्सन व्यवस्था 23 अगस्त की सुबह 06.00 बजे से लागू होकर 25 अगस्त की रात्रि 12.00 बजे तक प्रभावी रहेगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए तय किए गए परिवर्तित मार्गों का ही उपयोग करें।
भारी वाहनों के लिए परिवर्तित मार्ग
भोपाल से इंदौर-देवास जाने वाले वाहन: भोपाल की ओर से आने वाले भारी वाहन थाना परवलिया अंतर्गत मुबारकपुर जोड़ एवं खजूरी थाना अंतर्गत तुमड़ा जोड़ से डायवर्ट होकर श्यामपुर, कुरावर, ब्यावरा, शाजापुर और मक्सी होते हुए देवास व इंदौर जा सकेंगे।
इंदौर-देवास से भोपाल जाने वाले वाहन: इंदौर व देवास की ओर से भोपाल आने वाले भारी वाहनों को देवास से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन मक्सी, शाजापुर, ब्यावरा, कुरावर और श्यामपुर होते हुए भोपाल पहुँचेंगे।
कन्नौद-खातेगांव से ब्यावरा जाने वाले वाहन: कन्नौद व खातेगांव की ओर से आने वाले भारी वाहन आष्टा, शुजालपुर और पचोर होते हुए ब्यावरा जा सकेंगे।
होशंगाबाद, रेहटी व भैरुंदा से इंदौर जाने वाले वाहन: इस मार्ग के भारी वाहन गोपालपुर थाना, कन्नौद और आष्टा होते हुए इंदौर की ओर प्रस्थान करेंगे।
छोटे एवं सवारी वाहनों के लिए डायवर्सन व्यवस्था
भोपाल से आष्टा, देवास, उज्जैन व इंदौर जाने वाले वाहन: छोटे एवं यात्री वाहन न्यू क्रिसेंट चौराहा से भाऊखेड़ी जोड़ और अमलाहा होते हुए आष्टा, देवास, उज्जैन तथा इंदौर की ओर जा सकेंगे।
इंदौर, उज्जैन व देवास से भोपाल आने वाले वाहन: इस मार्ग से भोपाल आने वाले छोटे व सवारी वाहन आष्टा से अमलाहा, भाऊखेड़ी जोड़ और न्यू क्रिसेंट चौराहा होकर भोपाल पहुंचेंगे।
प्रशासन की नागरिकों से सहयोग की अपील
पुलिस एवं यातायात विभाग ने जिलेवासियों तथा अन्य जिलों से आने वाले यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान भीड़भाड़ और जाम की स्थिति से बचने के लिए जारी किए गए डायवर्सन प्लान का पालन करें और सहयोग प्रदान करें।