कांग्रेस प्रवक्ता शर्मा ने बीजेपी प्रवक्ता प्रीतेश पर साधा निशाना…

  • सीहोर। एक दिन पहले कांग्रेस की गठित हुई कार्यकारिणी के बाद अब दोनों दलों के प्रवक्ताओं में आरोप-प्रत्यारोप के दौर शुरू हो गए हैं। सोशल मीडिया पर कांग्रेस की अंदरूनी कलह को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस के नवनियुक्त प्रवक्ता पंकज शर्मा ने बीजेपी प्रवक्ता प्रीतेश राठौर पर जोरदार हमला बोला है। कांग्रेस प्रवक्ता शर्मा ने कहा कि बीजेपी प्रवक्ता पहले अपनी पार्टी की स्थिति देखें, क्योंकि पार्टी के भीतर मची आपसी खींचतान के कारण आज सीहोर शहर का विकास पूरी तरह ठप पड़ा है और जनता बुरी तरह पिस रही है।
  • बता दें मामले की शुरुआत उस वक्त हुई जब सीहोर के बीजेपी प्रवक्ता प्रीतेश राठौर ने अपनी आधिकारिक फेसबुक आईडी पर अखबार की दो कटिंग शेयर करते हुए एक पोस्ट डाली। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने दावा किया कि सीहोर कांग्रेस के भीतर सब कुछ ठीक नहीं है और पार्टी में भारी फूट पड़ी हुई है। इधर कांग्रेस की ओर से भी इसका तुरंत जवाब सामने आ गया।
  • विधायक-नपाध्यक्ष को जनता की फिक्र नहीं
  • बीजेपी नेता की पोस्ट और कांग्रेस में फूट के दावों पर ऐतराज जताते हुए नवनियुक्त कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी के प्रवक्ता दूसरों के घर में झांकने से पहले अपनी पार्टी की हालत पर नजर डालें। कांग्रेस प्रवक्ता शर्मा ने आरोप लगाया कि वर्तमान में सीहोर के विधायक सुदेश राय और नगर पालिका अध्यक्ष के बीच आपसी खींचतान और वर्चस्व की जंग चल रही है। इन दोनों की आपसी कलह का खामियाजा सीधे तौर पर शहर की आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। जनता की समस्याओं से इन नेताओं को कोई लेना-देना नहीं है, इन्हें सिर्फ और सिर्फ अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने और कुर्सी की चिंता सता रही है।
  • अवरुद्ध पड़े हैं विकास कार्य
  • कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की आपसी खींचतान का ही नतीजा है कि आज सीहोर नगर में विकास के तमाम कार्य पूरी तरह अवरुद्ध पड़े हैं। शहर में बुनियादी सुविधाओं का बुरा हाल है और लोग समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन सत्ता पक्ष के इन लोगों का ध्यान जनता के विकास कार्यों की ओर बिल्कुल नहीं है।