Sehore: नाकोड़ा फैक्ट्री मामले से चर्चा में आए मंडी टीआई लाइन अटैच

Sehore News: सीहोर। पुलिस महकमे में मंगलवार को एक बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने मंडी थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील मेहर को हटाकर लाइन अटैच कर दिया है। वहीं निरीक्षक अर्चना चौहान को मंडी थाने की नई कमान सौंपी गई है। इस बदलाव के पीछे नाकोड़ा फैक्ट्री में हुई महिला की संदिग्ध मौत का मामला और कार्यप्रणाली को लेकर लगातार मिल रहीं शिकायतें मुख्य वजह मानी जा रही हैं।
बता दें मंडी क्षेत्र स्थित नाकोड़ा फैक्ट्री में बीते महीने एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला काफी समय से सुर्खियों में था। इस मामले की जांच तत्कालीन पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत द्वारा भी कराई जा रही थी। प्रकरण में पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल खड़े हो रहे थे और टीआई सुनील मेहर की भूमिका पर भी लगातार उंगलियां उठ रही थीं।
जमीन विवाद और शिकायतों का भी रहा साया
नाकोड़ा फैक्ट्री के अलावा सेवनिया क्षेत्र के एक चर्चित जमीन विवाद को लेकर भी स्थानीय निवासियों ने राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा और भोपाल आईजी तक शिकायत की थी। लंबे समय से मिल रही शिकायतों और जनता के असंतोष के बीच आखिरकार एसपी ने यह कदम उठाया।
अर्चना चौहान संभालेंगी कमान
प्रशासनिक फेरबदल के तहत अब मंडी थाने की जिम्मेदारी निरीक्षक अर्चना चौहान को दी गई है। उनसे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम जनता में पुलिस का विश्वास फिर से कायम करने की उम्मीद की जा रही है।
एएसपी ने बताया प्रशासनिक प्रक्रिया
उधर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे का कहना है कि यह एक नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया है और इसे किसी दंडात्मक कार्रवाई के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। हालांकि नाकोड़ा फैक्ट्री प्रकरण और शिकायतों के बाद हुए इस बड़े बदलाव को लेकर शहरभर में चर्चाओं का बाजार गर्म है।