Sehore News: सीहोर। मध्य प्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी ने बुधनी अधोसंरचना विकास परियोजना में निर्माण कार्यों में अत्यधिक देरी और लापरवाही बरतने पर कड़ा एक्शन लिया है। कंपनी ने ठेकेदार एजेंसी मेसर्स जेएससी आई, इंडिया प्रालि. और मेसर्स काश्यपी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रा.लि. का अनुबंध निरस्त कर दिया है। इसके साथ ही फर्म को एक साल के लिए ब्लैक लिस्ट करते हुए उसकी लगभग 5.40 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी भी जब्त कर ली है।
उक्त संयुक्त उपक्रम फर्म को बुधनी में टॉय विलेज, रेंटल हाउसिंग, कन्वेंशन सेंटर, स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स और हाट बाजार जैसे कई बड़े और महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की जिम्मेदारी दी गई थी। तय अनुबंध के अनुसार इन सभी प्रोजेक्ट्स को समय-सीमा के भीतर पूरा करना था, लेकिन समय बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य की रफ्तार बेहद निराशाजनक रही।
नोटिस का नहीं असर, असंतोषजनक रहा जवाब
एमपीयूडीसी द्वारा संबंधित फर्म को काम में तेजी लाने और संसाधन बढ़ाने के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए और समीक्षा बैठकें भी आयोजित की गईं। इसके बावजूद ठेकेदार की कार्यशैली में कोई सुधार नहीं आया। एजेंसी द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण को असंतोषजनक पाए जाने के बाद एमपीयूडीसी के प्रबंध संचालक संकेत भोंडवे के निर्देश पर यह सख्त कार्रवाई की गई।
लापरवाही पर होगी ऐसी ही कठोर कार्रवाई
एमपीयूडीसी के प्रबंध संचालक संकेत भोंडवे ने साफ कहा कि राज्य सरकार की विकास परियोजनाओं में समयबद्धता, गुणवत्ता और वित्तीय अनुशासन से कोई समझौता नहीं होगा। सार्वजनिक धन की सुरक्षा और आम जनता को समय पर सुविधाएं देने के लिए लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह का कड़ा रुख अपनाया जाएगा।


