Sehore: क्लिक करते ही खाते से उड़े थे 40 हजार रुपये…

Sehore News: सीहोर। साइबर अपराधों पर लगाम लगाने और पीडि़तों को तुरंत राहत पहुंचाने की दिशा में थाना कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की सजगता के चलते साइबर ठगी के शिकार हुए एक नागरिक के खाते से उड़े पूरे 40 हजार 153 रुपये सुरक्षित वापस करा दिए गए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 04 अगस्त को फरियादी अनार सिंह ने थाना कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके मोबाइल पर एक अज्ञात लिंक आई थी, जिस पर क्लिक करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके तुरंत बाद उनके क्रेडिट कार्ड से अनधिकृत रूप से 40 हजार 153 रुपये कट गए। ठगी का अहसास होते ही पीडि़त तुरंत पुलिस की शरण में पहुंचा।
साइबर डेस्क की कार्रवाई से रुका भुगतान
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली की साइबर हेल्प डेस्क ने बिना समय गंवाए तत्काल मोर्चा संभाला। पुलिस टीम ने साइबर फ्रॉड की इस शिकायत को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण करते हुए अमेजन पे से संबंधित मर्चेंट भुगतान को तुरंत ट्रैक किया और भुगतान प्रक्रिया को कैंसिल करवा दिया।
पीडि़त को वापस मिले पूरे पैसे
पुलिस की प्रभावी कार्रवाई का ही परिणाम रहा कि पीडि़त अनार सिंह की ठगी गई पूरी राशि 40 हजार 153 रुपये उनके खाते में सुरक्षित रिफंड करा दी गई। अपनी गाढ़ी कमाई का पैसा वापस पाकर पीडि़त ने कोतवाली पुलिस की कार्यशैली की जमकर तारीफ की और आभार जताया। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी रवींद्र यादव, उप निरीक्षक विवेक आर्य, आरक्षक कपिल मेवाड़ा एवं आरक्षक विवेक प्रताप सिंह की विशेष भूमिका रही।
पुलिस की आमजन से खास अपील
थाना कोतवाली पुलिस ने जिले के नागरिकों से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई संदिग्ध लिंक या फाइल पर गलती से भी क्लिक न करें। यदि दुर्भाग्यवश कोई साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो बिना देर किए तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। घटना के तुरंत बाद शिकायत दर्ज होने से ठगी गई राशि को होल्ड या रिवर्स कराकर वापस दिलाने की संभावना बहुत अधिक बढ़ जाती है।