Sehore News: सीहोर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जहां पूरा देश जश्न में डूबा है, वहीं मध्य प्रदेश के जिले में राष्ट्रीय ध्वज को लेकर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच जंग छिड़ गई है।
बस स्टैंड स्थित भाजपा कार्यालय पर आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद फहराए गए तिरंगे को लेकर कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाए हैं, जिसके जवाब में भाजपा ने भी कांग्रेस पर जोरदार पलटवार किया है।
कांग्रेस का आरोप: बिना प्रेस फहराया तिरंगा
मामले की शुरुआत तब हुई जब कांग्रेस नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर भाजपा कार्यालय के ध्वजारोहण की तस्वीरें साझा कीं। कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यालय पर फहराया गया राष्ट्रीय ध्वज नया नहीं, बल्कि पुराना था और उस पर साफ तौर पर सलवटें दिखाई दे रही थीं। कांग्रेस नेता का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर बिना प्रेस किया हुआ और सिलवटों वाला तिरंगा फहराना सीधे तौर पर राष्ट्रीय ध्वज का अनादर और अपमान है। ऐसी ही पोस्ट कांगे्रस नेता भगत तोमर की फेसबुक से भी जारी हुई है।
कांग्रेसियों में अक्ल की कमी
कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेताओं ने इन दावों को पूरी तरह से खारिज कर दिया और कांग्रेस की समझ पर ही सवाल खड़े कर दिए। भाजपा कार्यालय मंत्री आशीष पचौरी ने कांग्रेस के दावों का खंडन करते हुए कहा कि फहराया गया राष्ट्रीय ध्वज पूरी तरह नया था और उसे नियम अनुसार प्रेस भी किया गया था। भाजपा नेता ने स्पष्ट किया कि जब ध्वजारोहण के लिए तिरंगे को समेटकर ऊपर बांधा जाता है और फिर डोरी खींचकर फहराया जाता है तो स्वाभाविक रूप से कपड़े में नीचे की तरफ सलवटें दिखाई देती हैं।
समझदार बनने का ढोंग
आशीष पचौरी ने चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता खुद को ज्यादा ही समझदार समझते हैं, लेकिन उनमें समझ की कमी है। ध्वजारोहण की सामान्य प्रक्रिया को भी वे राजनीति का जरिया बना रहे हैं।


