Sehore News: सीहोर। पिछले कुछ दिनों से सीहोर मुख्यालय में सोशल मीडिया पर एक मैसेज बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे शहर में हडक़ंप मचा रखा है। वायरल पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि भोपाल की एक होटल से सीहोर के 4 से 5 बड़े क्रिकेट सटोरियों को पकड़ा गया था, ेजिन्होंने खुद को बचाने के लिए भोपाल पुलिस को कथित तौर पर 3 करोड़ रुपये की मोटी रकम दी है।
हालांकि इस वायरल मैसेज और दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया पर बिना किसी ठोस आधार के चलाए जा रहे इन मैसेजों से सीहोर के कई प्रतिष्ठित परिवारों में भारी तनाव का माहौल बन गया है।
प्रतिष्ठित परिवार परेशान, गलत कदम उठाने का डर
शहरवासियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर रोजाना किसी न किसी व्यक्ति या परिवार को बिना नाम लिए निशाना बनाया जा रहा है। वायरल पोस्टों में कभी शहर के समृद्ध और वजनदार परिवारों के सदस्यों का जिक्र किया जा रहा है, तो कभी किसी पत्रकार के बेटे का नाम उछाला जा रहा है। हद तो तब हो गई जब शहर के सबसे मजबूत परिवार के एक रिश्तेदार का नाम भी इस मामले में घसीटा जाने लगा।
लगातार हो रही इस अनर्गल बयानबाजी और नाम घसीटे जाने से आहत होकर लोग मानसिक तनाव में हैं। स्थानीय नागरिकों ने अंदेशा जताया है कि हर दिन किसी न किसी का नाम आने से आहत होकर कोई व्यक्ति दबाव में आकर कोई गलत कदम न उठा ले। इसलिए इस मामले में पुलिस का पक्ष जरुरी हो गया है।
भोपाल पुलिस और डीआईजी से स्थिति स्पष्ट करने की मांग
सीहोर के प्रबुद्ध जनों और आम जनता का कहना है कि इस पूरे मामले पर भोपाल पुलिस को आगे आकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर विराम लग सके।
शहरवासियों ने भोपाल ग्रामीण डीआईजी राजेश चंदेल का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि वे सीहोर जिले के माहौल और परिस्थितियों से भली-भांति वाकिफ हैं, क्योंकि वे पूर्व में सीहोर के पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। सीहोर भावनात्मक जिला है, जहां अफवाहों का गहरा असर पड़ता है। ऐसे में यदि भोपाल पुलिस निष्पक्ष जांच कर अपना आधिकारिक पक्ष सार्वजनिक कर दे तो निर्दोष लोगों को राहत मिल सकेगी।


