#चित्रकूट के बाढ़ पीडि़तों के लिए सीहोर से मदद का हाथ, विधायक राय रवाना करेंगे राहत सामग्री

@सीहोर। मंदाकिनी नदी के उफान से चित्रकूट में आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। बाढ़ के इस कहर से हजारों लोग प्रभावित हुए हैं और कई परिवार पूरी तरह से बेघर हो गए हैं। इस आपदा की घड़ी में विधायक सुदेश राय ने संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए बाढ़ पीडि़तों की मदद का बीड़ा उठाया है। विधायक सुदेश राय गुरुवार को प्रथम चरण में सीहोर से राहत सामग्री से भरा एक ट्रक चित्रकूट के लिए रवाना करेंगे।
चित्रकूट प्रशासन से मिली जानकारी और पीडि़तों की मैदानी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विधायक सुदेश राय के निर्देश पर आवश्यक सामान जुटाया गया है। इस राहत सामग्री में 2000 साडिय़ां, 1000 लोअर व टी-शर्ट, 800 कंबल, 1000 चटाइयां और दैनिक उपयोग की अन्य जरूरी सामग्रियां शामिल हैं।
सैकड़ों मकान और दुकानें क्षतिग्रस्त, हजारों प्रभावित
बता दें चित्रकूट में आई प्राकृतिक आपदा के कारण सैकड़ों मकान, दुकानें, सडक़ें, पुल-पुलिया और बिजली के खंभे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इस तबाही से महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे और युवा अत्यधिक प्रभावित हुए हैं।
सरकार राहत कार्य में जुटी, विधायक ने मदद की अपील
इस अवसर पर विधायक सुदेश राय ने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पूरी राज्य सरकार पीडि़तों को हर संभव सहायता पहुंचाने में जुटी हुई है। विभिन्न सरकारी विभागों और टीमों द्वारा राहत और बचाव कार्य लगातार किए जा रहे हैं। इसके साथ ही विधायक राय ने मानवीय आधार पर जिले के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे चित्रकूट के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए स्वेच्छा से आगे आएं और राहत कार्यों में सहयोग करें।