सिर पर सफेद टोपी पहन कांग्रेसियों ने अनुशासन में किया झंडावंदन

Sehore News: सीहोर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में राष्ट्रीय पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस दौरान कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सभी कांग्रेसजनों का अनुशासित अंदाज रहा, जहां सभी कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता सिर पर पारंपरिक सफेद टोपी पहनकर अनुशासन के साथ ध्वजारोहण समारोह में शामिल हुए।
समारोह के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव गुजराती ने गौरवशाली तिरंगा फहराकर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। सिर पर सफेद गांधी टोपी धारण किए कांग्रेसियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का सस्वर गान किया।
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के संदेश का हुआ वाचन
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के संदेश का वाचन वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओम दीप राठौर ने किया। संदेश के माध्यम से जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं से लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं के रोजगार, किसानों की समृद्धि और प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के संकल्प को दोहराया।
मिठाई बांटकर दी शुभकामनाएं
ध्वजारोहण के उपरांत सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का मुंह मीठा कराकर मिठाइयों का वितरण किया गया। सफेद टोपी में अनुशासित नजर आ रहे कांग्रेसजनों ने एकजुट होकर देश की अखंडता और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसजन, पार्षदगण, महिला कांग्रेस, सेवादल, युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।