#सीहोर। कुदरत के भी अजीब और हैरान करने वाले रंग होते हैं। मानसून के दौरान बारिश का गणित कब किस मोड़ पर आ टिके, यह कह पाना मुश्किल होता है। जिले के भू-अभिलेख विभाग द्वारा जारी 29 अगस्त के ताजा बारिश के आंकड़ों में एक बेहद अनोखा संजोग देखने को मिला है। जिले के भैरुंदा वर्षामापी केंद्र पर इस मानसून सीजन में अब तक 1 जून से 29 अगस्त तक ठीक उतनी ही बारिश दर्ज की गई है, जितनी बीते साल इसी तारीख तक हुई थी।
मौसम आंकड़ों के मुताबिक भैरुंदा में इस वर्ष अब तक कुल 32.44 इंच 824.0 मिमी पानी बरसा है। आश्चर्य की बात यह है कि बीते वर्ष यानी 29 अगस्त 2025 तक भी भैरुंदा में बारिश का कुल आंकड़ा 32.44 इंच 824.0 मिमी ही दर्ज किया गया था। दो अलग-अलग वर्षों में मानसून की गतिए,हवा के रुख और बादलों के मिजाज में इतना फर्क होने के बावजूद एक ही तारीख पर कुल बारिश का एक-एक बिंदु तक बराबर आए हैं।
बीते साल से 2.71 इंच पीछे जिला, सीहोर तहसील सबसे आगे
अगर पूरे सीहोर जिले की स्थिति पर नजर डालें तो इस साल 29 अगस्त तक जिले में औसतन 29.67 इंच बारिश हो चुकी है। जबकि जिले की सामान्य औसत बारिश का कुल कोटा 45.21 इंच निर्धारित है। यानी जिला अब तक अपनी वार्षिक सामान्य बारिश के कोटे का लगभग 65 प्रतिशत हिस्सा पूरा कर चुका है।
बीते वर्ष की तुलना में इस बार जिला औसतन थोड़ा पीछे चल रहा है। 29 अगस्त 2025 तक जिले में औसतन 32.38 इंच बारिश हो चुकी थी, जिसकी तुलना में इस वर्ष जिला 2.71 इंच पीछे है। जिला स्तर पर इस सीजन में सबसे अधिक वर्षा सीहोर ब्लॉक 36.42 इंच और रेहटी ब्लॉक 34.02 इंच में दर्ज की गई है। वहीं सबसे कम बारिश जावर ब्लॉक में केवल 21.54 इंच दर्ज हुई है।
बुधनी-रेहटी में बड़ा अंतर
जहां भैरुंदा में बारिश का आंकड़ा बीते साल से हूबहू मैच कर रहा है, वहीं जिले के नर्मदा तटीय क्षेत्रों बुधनी और रेहटी में इस साल बारिश का पैटर्न काफी अलग रहा है। बीते वर्ष 29 अगस्त तक बुधनी में 44.69 इंच रिकॉर्ड तोड़ बारिश हो चुकी थी, जबकि इस साल अब तक केवल 30.16 इंच पानी गिरा है यानी सीधे 14.53 इंच कम।
इसी तरह रेहटी में भी बीते साल आज की तारीख तक 43.35 इंच बारिश हुई थी, जो इस बार घटकर 34.02 इंच रही है। इसके विपरीत सीहोर जिला मुख्यालय और आष्टा ब्लॉक में बीते वर्ष की तुलना में इस बार बेहतर बारिश दर्ज की गई है। सीहोर में बीते साल से 5.14 इंच और आष्टा में 2.80 इंच अधिक बारिश हो चुकी है।
जिले की ब्लॉकवार स्थिति
जिले में ब्लॉकवार बारिश की स्थिति की बात करें तो भैरुंदा में 32.44 इंच, सीहोर 36.42 इंच, रेहटी 34.02 इंच, बुधनी 30.16 इंच, आष्टा 28.35, इछावर 27.44 इंच, श्यामपुर 26.99 इंच, जावर 21.54 इंच दर्ज की गई है।


