दोपहर 2 बजे निकलेगी बाबा सिद्धेश्वर की भव्य पालकी यात्रा, श्रद्धालुओं में भारी उत्साह

Sehore News: सीहोर। सावन महीने के तीसरे सोमवार के पावन अवसर पर आज 17 अगस्त को शहर में भगवान सिद्धेश्वर महादेव की भव्य और दिव्य पालकी यात्रा निकाली जाएगी। भक्ति और उत्साह से सराबोर यह शोभायात्रा दोपहर ठीक 2 बजे स्थानीय कोतवाली चौराहे से शुरू होगी।
पालकी यात्रा आयोजन समिति के संस्थापक किशोर कौशल और अध्यक्ष विपुल चांडक ने बताया कि आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार भी भगवान सिद्धेश्वर महादेव की आकर्षक और सुसज्जित पालकी लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगी। पालकी में सवार होकर बाबा सिद्धेश्वर नगर भ्रमण पर निकलेंगे और श्रद्धालुओं को दर्शन देकर अपना आशीर्वाद देंगे।
पालकी यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मनकामेश्वर मंदिर पहुंचेगी, जहां भगवान मनकामेश्वर महादेव की आरती की जाएगी। इसके पश्चात यात्रा पुन: मुख्य मार्ग से होते हुए कोतवाली चौराहा स्थित श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी। यहां बाबा की आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ पालकी यात्रा का समापन होगा।
बता दें सावन सोमवार के इस पावन अवसर पर पूरा नगर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजायमान होगा। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर बाबा के दर्शन करने और धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की है।