सीहोर। चार महीने के चातुर्मास के समापन के साथ ही आज देवउठनी एकादशी का पावन पर्व मनाया जा रहा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागृत होते हैं, जिसके साथ ही विवाह, गृह प्रवेश और अन्य शुभ मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। घर-घर में गन्ने का मंडप सजाकर और पारंपरिक गीत बैर भाजी आंवला, उठो देव सांवला गाकर देवों को जगाया जाएगा।
बालाजी ज्योतिष अनुसंधान एवं परामर्श केंद्र के ज्योतिषाचार्य पंडित सौरभ गणेश शर्मा ने बताया कि हिंदू धर्म में इस तिथि को देवोत्थान और प्रबोधिनी एकादशी भी कहा जाता है। हिंदू पंचांग के अनुसार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 20 नवंबर को सुबह 7.15 बजे से शुरू होकर 21 नवंबर को सुबह 6.31 बजे तक रहेगी। अधिकांश श्रद्धालु 20 नवंबर को व्रत रखेंगे, जबकि कुछ वैष्णव परंपराओं में उदया तिथि के अनुसार 21 नवंबर को भी व्रत रखा जाएगा।
क्यों मनाई जाती है देवउठनी एकादशी
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी को भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं। इसके चार माह बाद कार्तिक शुक्ल एकादशी को उनके जागने का विधान है। श्रीहरि के जागृत होने के साथ ही चातुर्मास समाप्त होता है और रुके हुए सभी मांगलिक कार्य फिर से आरंभ हो जाते हैं। कई परिवारों में इस दिन भगवान शालिग्राम और माता तुलसी का विवाह तुलसी विवाह भी धूमधाम से संपन्न कराया जाता है।
सरल पूजा विधि और आवश्यक सामग्री
पंडित शर्मा के अनुसार इस पुण्यदायी तिथि पर व्रत, पूजा-पाठ और दान-पुण्य करने से घर में सुख-समृद्धि आती है। भगवान विष्णु की प्रतिमा या तस्वीर, पीले फूल, तुलसी दल, मौसमी फल, मिठाई, रोली, अक्षत, धूप, घी का दीपक, पंचामृत, स्वच्छ जल और आसन।
पूजन विधि…
- घर के मंदिर में भगवान विष्णु की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित कर घी का दीपक जलाएं।
- श्रीहरि को पीले फूल, फल, मिठाई और विशेष रूप से तुलसी दल अर्पित करें।
- दिनभर अपनी श्रद्धा के अनुसार उपवास रखें, विष्णु मंत्रों का जाप करें और एकादशी व्रत की कथा सुनें।
- शाम के समय भगवान की आरती उतारें, दीपदान करें और परिवार की सुख-शांति की कामना करें।


