- #सीहोर। जनसमस्याओं के मौके पर ही त्वरित निराकरण के लिए शुरू किए गए मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान को लेकर जिले में अजीब सी स्थिति देखने को मिल रही है। नियमत: हर शुक्रवार को आयोजित होने वाले इस अभियान में जहां जिले के जनप्रतिनिधियों की सुस्ती और अरुचि सामने आ रही है, वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने खुद इसकी कमान अपने हाथों में ले ली है।
शुक्रवार को रक्षाबंधन के पर्व और शासकीय अवकाश के कारण यह कार्यक्रम शनिवार को आयोजित किया गया। हालांकि जिले में कहीं भी जनप्रतिनिधियों द्वारा इस आयोजन को करने की जानकारी सामने नहीं आई। ऐसे में जनप्रतिनिधियों की सुस्ती के बीच कलेक्टर बालागुरु के. और पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने जनसेवा का बीड़ा उठाते हुए खुद मोर्चा संभाला और सीधे बुधनी खजुरिया कलां पंचायत के ग्राम जाजनखेड़ी पहुंचे।
गांव में लगा जनता का दरबार, मौके पर हुए फैसले
जाजनखेड़ी में आयोजित विशेष शिविर में कलेक्टर और एसपी ने ग्रामीणों के बीच बैठकर सीधे संवाद किया। ग्रामीणों ने राशन, पेंशन, राजस्व, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े अपने आवेदन सौंपे। कलेक्टर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जिन समस्याओं का समाधान तुरंत संभव है, उन्हें मौके पर ही हल किया जाए। शेष आवेदनों के लिए निश्चित समय-सीमा तय कर संबंधित विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही तय की गई।
जानकारी के अभाव में न छूटे कोई पात्र
कलेक्टर बालागुरु के. ने शिविर में उपस्थित अधिकारियों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रशासन को जनता के द्वार तक लाना है, ताकि ग्रामीणों को छोटे-छोटे कामों के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने स्पष्ट कहा सूचना और तकनीक के इस दौर में सरकार की अनेक कल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं। जानकारी के अभाव में कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया को बेहद सरल भाषा में ग्रामीणों को समझाया जाए। शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
एसपी ने दिए साइबर सुरक्षा के टिप्स
शिविर में पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने बढ़ते डिजिटल अपराधों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना बैंक खाता नंबर, पासवर्ड, एटीएम पिन या ओटीपी साझा न करें। एसपी ने कहा कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत पुलिस और संबंधित हेल्पलाइन को सूचित करें। साथ ही उन्होंने बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सुरक्षा संबंधी कानूनों और उनके अधिकारों की जानकारी दी।
स्कूल का औचक निरीक्षण, शिक्षा व्यवस्था परखी
जाजनखेड़ी में शिविर संपन्न करने के बाद कलेक्टर और एसपी सीधे ग्राम निपानिया कलां स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। यहाँ उन्होंने कक्षाओं का औचक निरीक्षण कर विद्यार्थियों से बातचीत की और शिक्षा की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा पेयजल-शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का माहौल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, वहीं एसपी ने विद्यार्थियों से संवाद कर सुरक्षा और जागरूकता का पाठ पढ़ाया।


