Sehore News: सीहोर। मध्य प्रदेश सरकार ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर जिला मुख्यालयों में होने वाले ध्वजारोहण कार्यक्रमों के मुख्य अतिथियों की सूची में बड़ा बदलाव किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी संशोधित आदेश के बाद अब राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा अपने गृह जिलों सीहोर में मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण नहीं कर सकेंगे।
इस बदलाव के तहत राज्य के सात जिलों के मुख्य अतिथियों के नामों में फेरबदल किया गया है। चार मंत्रियों के ध्वजारोहण स्थल बदले गए हैं, जबकि तीन जिलों में अब मंत्रियों की जगह स्थानीय कलेक्टर ही मुख्य अतिथि होंगे और तिरंगा फहराएंगे।
जानिए किस मंत्री को कहां मिली जिम्मेदारी
बता दें 11 अगस्त को जारी पहले आदेश में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा को उनके गृह जिले सीहोर का मुख्य अतिथि बनाया गया था। नए आदेश के तहत वे अब हरदा में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण करेंगे। जबकि पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री कृष्णा गौर को पहले टीकमगढ़ का मुख्य अतिथि बनाया गया था, लेकिन अब वे सीहोर जिला मुख्यालय में तिरंगा फहराएंगी।
उल्लेखनीय है कि 11 अगस्त को सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रदेश के सभी 55 जिलों के लिए मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, मंत्रियों और कलेक्टरों के ध्वजारोहण की सूची जारी की थी, जिसमें प्रशासनिक कारणों से दो दिनों के भीतर ही यह संशोधन करना पड़ा है।


