#Sehore, सीहोर। श्यामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सीहोर रोड पर खजुरिया और पारवा गांव के बीच देर रात एक सडक़ हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बाइक को काफी दूर तक घसीटती हुई ले गई, जिससे घर्षण के कारण कार में अचानक आग लग गई। इस हादसे में बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हादसे के बाद जलती हुई कार और बाइक के बीच में घायल फंसे रह गए। घटना की जानकारी मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस और दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद जलती गाडिय़ों के बीच से घायलों को बाहर निकाला और आग पर पानी डालकर काबू पाया।
घायलों की हालत नाजुक, भोपाल रेफर
हादसे में घायल युवकों की पहचान विमल मालवीय और रफीक खान के रूप में हुई है। दोनों को तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से श्यामपुर के शासकीय अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने भोपाल रेफर कर दिया। श्यामपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


