सीहोर में 14 राज्यों के 146 जांबाज राइडर्स का हुआ धमाकेदार स्वागत

सीहोर। जब देश की सुरक्षा, एकता और युवाओं को नशे के दलदल से बाहर निकालने का जज्बा हो तो रास्ते खुद ब खुद मिसाल बन जाते हैं। गृह मंत्रालय भारत सरकार और एनसीबी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय एकता दिवस परेड-2026 के तहत चल रही राष्ट्रव्यापी बाइक रैली जब सीहोर की धरती पर उतरी तो पूरा शहर देशभक्ति और ऊर्जा से सराबोर हो गया। नशे से दूरी है जरूरी के इस महाअभियान ने सीहोर में एक नई अलख जगाई है।
इस आयोजन को सफल बनाने में सीहोर पुलिस प्रशासन की भूमिका सबसे आगे रही। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा ने अपनी पूरी टीम के साथ मोर्चा संभाला। सीहोर पुलिस ने अपनी मुस्तैदी दिखाते हुए मध्य प्रदेश की सीमा में प्रवेश करने वाले इन जांबाज राइडर्स को टोल नाके से ही पूरे सम्मान और गरिमा के साथ एस्कॉर्ट कर राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास संस्थान के परिसर तक पहुंचाया।
सडक़ों पर गूंजा अनुशासन
ृकोतवाली थाना प्रभारी गिरीश दुबे, मंडी थाना प्रभारी अर्चना सिंह चौहान और यातायात थाना प्रभारी बृजमोहन धाकड़ अपनी टीमों के साथ सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को संभालने में मुस्तैद नजर आए, जिससे यह पूरा आयोजन बेहद शानदार बन गया।
भोपाल से सीहोर पहुंचे 146 जांबाज राइडर्स
बता दें देशभर में 4 जोन में बंटे इस महाअभियान के तहत मध्य प्रदेश से गुजरने वाली जोन.02 सेंट्रल के 78 और जोन.04 नॉर्थ.ईस्ट के 68 यानी कुल 146 जांबाज राइडर्स गुरुवार को भोपाल से अपनी बाइक दौड़ाते हुए सीहोर पहुंचे। जब ये राइडर्स एनआईएमएचआर परिसर पहुंचे तो वहां मौजूद छात्र-छात्राओं ने जोरदार करतल ध्वनि और पुष्पवर्षा कर देश के इन युवा प्रहरियों का ऐसा स्वागत किया कि उनकी सारी थकान पलभर में गायब हो गई।
नशा मुक्ति भी देश के प्रति एक बहुत बड़ी देशभक्ति है
कार्यक्रम के दौरान एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे ने अपने ओजस्वी संबोधन से युवाओं और जवानों में जोश भर दिया। उन्होंने तालियों की गडग़ड़ाहट के बीच कहा कि नशा मुक्ति सिर्फ एक सामाजिक अभियान नहीं, बल्कि देश के प्रति एक बहुत बड़ी देशभक्ति है। जब पुलिस प्रशासन सडक़ों पर अवैध नशे के कारोबार को नेस्तनाबूद करता है और एनआईएमएचआर जैसे संस्थान नशे के शिकार लोगों को नया जीवन देकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हैं, तभी एक सशक्त, स्वस्थ और एकजुट भारत का निर्माण संभव है। इसके बाद विविधता में एकता की मिसाल पेश करते हुए रैली में शामिल 14 अलग-अलग राज्यों के टीम लीडर्स को मंचासीन अतिथियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
कुबेरेश्वर धाम के दर्शन कर इंदौर के लिए हुए रवाना
राष्ट्रगान की प्रस्तुति और एनआईएमएचआर के निदेशक डॉ. अखिलेश कुमार शुक्ला के आभार व्यक्त करने के बाद इस भव्य कार्यक्रम का समापन हुआ। सीहोर की आतिथ्य सत्कार का आनंद लेने के बादए सभी 146 राइडर्स ने आस्था के केंद्र प्रसिद्ध कुबेरेश्वर धाम का भ्रमण किया और अपने अगले पड़ाव इंदौर के लिए गर्व और उत्साह के साथ रवाना हो गए। इस आयोजन में डॉ. अंकित चौधरी, डॉ. नित्यानंदा एस., डॉ. प्रियंका लेनका, राम कुमार नागर, आशीष सिंघी, अनिल कुमार रावत, रक्षित निरीक्षक उपेन्द्र यादव व रितेश वाघेला, सूबेदार प्राची राजपूत और उनि राहुल श्रीवास्तव समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।