सीहोर। राजस्थान से अपनी भेड़ों को लेकर शहर में आए एक किसान की आठ भेड़ों की मौत हो गई है। पुलिस लाइन मैदान के पास एक गरीब पशुपालक की 8 भेड़ों की अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। भेड़ मालिक के अनुसार भेड़ों ने एक गड्ढे में भरा हुआ पानी पी लिया था, जिसके कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।
पीडि़त पशुपालक पोइया मूल रूप से राजस्थान के जालौर जिले का रहने वाला है। वह अपनी आजीविका चलाने के लिए भेड़ पालन का काम करता है और अपनी भेड़ों के झुंड के साथ शहर के आसपास में रह रहा था। पशुपालक के पास कुल 225 से 250 भेड़ें थीं, जो उसकी पूरी कमाई और जीवनयापन का एकमात्र जरिया थीं। इनमें से अचानक 8 भेड़ों की मौत हो जाने से उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। जानकारी मिलते ही वेटरनरी विभाग के डॉक्टर अक्षय कुमार अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। मौत के असली कारणों का सटीक खुलासा करने के लिए दिन में दो मृत भेड़ों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।


