सीहोर। गंज क्षेत्र के 8 वार्डों के रहवासियों के लिए एक बड़ी राहत की उम्मीद शनिवार को उस समय चिंता में बदल गई, जब नई पानी की टंकी को पहली बार भरते ही उसमें से पानी का भारी रिसाव शुरू हो गया। अमृत.2 योजना के तहत नगर पालिका द्वारा इस टंकी का निर्माण कराया गया था, ताकि स्थानीय लोगों को पर्याप्त दबाव के साथ नियमित पानी मिल सके। लेकिन नगर पालिका की लचर मॉनीटरिंग और लापरवाही के चलते उद्घाटन से पहले ही इस प्रोजेक्ट की पोल खुल गई है।
शनिवार को जैसे ही गंज क्षेत्र की इस नई पानी की टंकी को भरने का परीक्षण किया गया, टंकी के चारों ओर से पानी का रिसाव होने लगा। पानी बहता देख वहां मौजूद स्थानीय निवासियों की सांसे अटक गईं और उनकी चिंता बढ़ गई। गंज के इन 8 वार्डों की जनता लंबे समय से इस टंकी के निर्माण पूरा होने का बेसब्री से इंतजार कर रही थी। लोगों को आस थी कि इस टंकी के शुरू होने से उनके नलों में पर्याप्त प्रेशर से पानी आएगा और पेयजल संकट से निजात मिलेगी। लेकिन पहली बार में ही टंकी के लीकेज सामने आने से लोगों की उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
नेता प्रतिपक्ष विवेक राठौर ने साधा निशाना
इस पूरे मामले को लेकर नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष विवेक राठौर ने राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर विरोध जताते हुए लिखा कि गंज पानी की टंकी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है, पहली बार भराने में ही चारों ओर से पानी बह रहा है। नेता प्रतिपक्ष ने निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।
मॉनीटरिंग पर सवाल
गंज के नागरिकों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य के दौरान तकनीकी मानकों और गुणवत्ता का ध्यान रखा जाता तो आज यह स्थिति पैदा नहीं होती। निर्माण एजेंसी और नगर पालिका के जिम्मेदारों की अनदेखी का खामियाजा अब क्षेत्र की जनता भुगतने को मजबूर होगी।


