79 वोटों से जीत दर्ज कर आपूर्ति अधिकारी आकाश चंदेल बने मप्र आपूर्ति अधिकारी संघ के प्रांताध्यक्ष

  • #Sehore, सीहोर। जिले में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी के पद पर कार्यरत आकाश चंदेल ने मध्य प्रदेश आपूर्ति अधिकारी संघ भोपाल के प्रांताध्यक्ष पद के चुनाव में ऐतिहासिक सफलता हासिल करते हुए प्रांताध्यक्ष का पद अपने नाम कर लिया है। इस कड़े मुकाबले में आकाश चंदेल ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को भारी मतों से शिकस्त दी और 79 वोटों के बड़े अंतर से यह चुनाव जीतकर सीहोर जिले का मान बढ़ाया है। उनके इस प्रकार अध्यक्ष बनने से पूरे प्रदेश के खाद्य विभाग और सीहोर के प्रशासनिक अमले में जश्न का माहौल है।
    भोपाल में संपन्न हुए मध्य प्रदेश आपूर्ति अधिकारी संघ के इस बहुप्रतीक्षित चुनाव में प्रदेश भर के खाद्य विभाग के कार्यपालिक अमले के सदस्यों ने बड़े उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस त्रिकोणीय मुकाबले में कुल तीन प्रत्याशी मैदान में थे, लेकिन मतगणना की शुरुआत से ही आकाश चंदेल ने बढ़त बना ली और अंत तक अपनी स्थिति मजबूत बनाए रखी।
    किसे मिले कितने वोट
    राजधानी भोपाल में हुए चुनाव के जारी परिणाम के अनुसार आकाश चंदेल विजेता सीहोर 138 मत मिले, जबकि निकटतम प्रतिद्वंदी संदीप भार्गव 59 मत और एनएस चंद्रावत को 09 मत प्राप्त हुए, इस प्रकार आकाश चंदेल ने अपने मुख्य प्रतिद्वंद्वी को 79 वोटों के भारी अंतर से पीछे छोड़ते हुए संघ की कमान अपने हाथ में ले ली। यह पूरी चुनाव प्रक्रिया खाद्य विभाग के निर्वाचन अधिकारियों द्वारा पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई गई, जिसकी देखरेख निर्वाचन पर्यवेक्षक आरएस धाकरे ने की थी।
    वरिष्ठ अधिकारियों और संगठनों ने दी बधाई
    आकाश चंदेल की इस बड़ी जीत पर शासन स्तर के उच्च अधिकारियों और प्रदेश के विभिन्न प्रमुख कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने उन्हें फोन और व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं। बधाई देने वाले प्रमुख प्रशासनिक व संघ प्रतिनिधि खाद्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उप सचिव वीके चंदेल, इंदौर के खाद्य नियंत्रक मोहन मारू, अपर संचालक शशांक मिश्रा एवं हरेंद्र सिंह, संघ के पूर्व नेतृत्वकर्ता आपूर्ति अधिकारी संघ के पूर्व प्रांताध्यक्ष सुरेश वर्मा एवं संतोष उईके, मध्य प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ के पूर्व प्रांताध्यक्ष डीके यादव एवं वर्तमान अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार गांधी, मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग संघ के प्रांताध्यक्ष अनिल वाजपेई तथा मध्य प्रदेश नागरिक आपूर्ति अधिकारी संघ के पूर्व अध्यक्ष गजेंद्र कुमार कोठारी। इसके अलावा खाद्य संचालनालय और प्रदेश के विभिन्न जिलों से भी बड़ी संख्या में अधिकारियों ने आकाश चंदेल को बधाई दी है।
    वेतन विसंगति और पदोन्नति पर रहेगा खास जोर
    सीहोर से निकलकर प्रांताध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने वाले आकाश चंदेल से अब पूरे प्रदेश के आपूर्ति अधिकारियों और कर्मचारियों को काफी उम्मीदें हैं। संघ के सदस्यों की प्रमुख अपेक्षाएं हैं, जिसमें लंबे समय से चली आ रही वेतन संबंधी विसंगतियों को शासन स्तर पर हल कराना। अधिकारियों की रुकी हुई पदोन्नति की प्रक्रिया को गति देना। अधिकारियों की अन्य व्यावहारिक और वैध मांगों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखना।
    यह पूरे संघ के साथियों के विश्वास की जीत
    प्रांताध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद आकाश चंदेल ने सभी मतदाताओंए सहयोगियों और वरिष्ठ अधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सीहोर जिले के साथ-साथ पूरे प्रदेश भर के साथियों ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं उसका सदैव ऋणी रहूंगा। यह जीत मेरी व्यक्तिगत जीत नहीं है, बल्कि यह हमारे संघ की एकजुटता और साथियों के अटूट विश्वास की जीत है। मैं अपने कार्यकाल के दौरान पूरी पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्ठा के साथ अधिकारियों के सम्मान और उनके अधिकारों के लिए निरंतर और पूरी ईमानदारी से कार्य करूंगा।