विधायक राय ने #सीहोर को फिर दी बड़ी सौगात, अब यह सडक़ बनेगी वीआईपी

@सीहोर। शहर के विकास और आवागमन को सुगम बनाने के लिए विधायक सुदेश राय के प्रयासों से एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। विधायक सुदेश राय की पहल पर प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने शहर के प्रमुख मार्ग रेलवे स्टेशन से शुगर फैक्ट्री और शुगर फैक्ट्री से मंत्री पेट्रोल पंप तक टू-लेन सडक़ निर्माण के लिए 48 करोड़ रुपये की राशि मंजूर कर दी है। इस महत्वपूर्ण स्वीकृति से शहरवासियों के साथ-साथ ग्रामीण अंचल को भी लाभ मिलेगा।
बता दें यह नई सडक़ शहर की अन्य प्रमुख वीआईपी सडक़ों की तर्ज पर अत्याधुनिक और चौड़ी टू-लेन बनाई जाएगी। इससे पहले शहर में सैकड़ाखेड़ी मार्ग, शहर से बिलकिसगंज चौराहा मार्ग और इंदौर नाका से क्रिसेंट चौराहा तक वीआईपी टू-लेन सडक़ों का निर्माण कराया जा चुका है। ठीक उसी मानक और गुणवत्ता के साथ 48 करोड़ रुपये की लागत से इस नए मार्ग का कायाकल्प किया जाएगा, जिससे शहर की सुंदरता में भी इजाफा होगा।
करबला पुल का भी होगा नवनिर्माण
लोक निर्माण विभाग के एसडीओ एसपी सिंह ने बताया कि इस 48 करोड़ रुपये की परियोजना में केवल सडक़ निर्माण ही शामिल नहीं है, बल्कि इस मार्ग पर स्थित जर्जर करबला पुल का नया और चौड़ा निर्माण भी कराया जाएगा। नए पुल के बनने से यातायात अवरुद्ध होने की पुरानी समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।
गणेश मंदिर मार्ग होगा आसान, 50 से ज्यादा गांवों को लाभ
यह सडक़ सीहोर शहर के यातायात के दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। यह मार्ग श्रद्धालुओं को सीधे प्रसिद्ध व प्राचीन चिंतामन सिद्धपुर गणेश मंदिर और भूतेश्वर महादेव मंदिर से जोड़ता है। सडक़ बनने से श्रद्धालुओं का सफर सुगम और सुरक्षित हो जाएगा। इसके साथ ही यह सडक़ रेलवे स्टेशन से शुरू होकर सीधे इंदौर नाका की ओर निकलेगी, जिससे शहर में भारी वाहनों और ट्रैफिक का दबाव कम होगा। इस मार्ग के पूरी तरह तैयार हो जाने से आसपास के लगभग 50 से अधिक गांवों के ग्रामीणों को जिला मुख्यालय और रेलवे स्टेशन तक आने-जाने में सीधी व त्वरित कनेक्टिविटी मिलेगी।