सीएम से 50 करोड़ स्वीकृत होते ही शहर में 20 करोड़ से बनेंगी सडक़ें, 5 करोड़ से होगा पुलों का निर्माण

सीहोर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शुक्रवार को सीहोर आगमन पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने उनका स्वागत किया। इस दौरान नपाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर पूर्व में सीहोर नगर विकास के लिए घोषित 50 करोड़ रुपये की राशि शीघ्र जारी करने का आग्रह किया। राशि स्वीकृत होते ही शहर में 20 करोड़ रुपये की लागत से सडक़ों का जाल बिछाया जाएगा, जबकि 5 करोड़ रुपये से प्रमुख पुल-पुलियों का निर्माण कराया जाएगा।
नपाध्यक्ष द्वारा सौंपे गए मांग पत्र में सीहोर शहर के विकास का पूरा विवरण दिया गया है। 50 करोड़ की राशि मिलते ही 20 करोड़ रुपए की लागत से शहर में विभिन्न वार्डों में मार्गों पर डामरीकरण और सीमेंट-कंक्रीट सडक़ों का निर्माण।
5 करोड़ रुपये: लूनिया चौराहा से इंदौर नाका तक के व्यस्त मार्ग का चौड़ीकरण एवं कायाकल्प।
5 करोड़ रुपये: मछली पुल, इंग्लिशपुरा और पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में नए पुल और पुलियों का निर्माण, जिससे बारिश के दौरान जलजमाव और यातायात की समस्या से राहत मिलेगी।
20 करोड़ रुपये: शहर के ऐतिहासिक स्थलों, चौराहों का सौंदर्यीकरण, स्वच्छता व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण और मूलभूत नागरिक सुदृढ़ीकरण के कार्य।
औद्योगिक विकास से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
बता दें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव क्रॉम्पटन ग्रीव्स पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड की नई पावर ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण इकाई के प्रथम ट्रांसफॉर्मर के रोल-आउट कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने सीहोर में इस विशाल औद्योगिक इकाई की शुरुआत के लिए सीएम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में विकास पर चर्चा
सीएम से मुलाकात के दौरान नपाध्यक्ष ने शहर में जारी स्वच्छता और विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, विधायक सुदेश राय, भाजपा नेता जसपाल सिंह अरोरा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सुरेंद्र मेवाड़ा, राजकुमार गुप्ता, राजेंद्र सिंह राजपूत, प्रतेश राठौर सहित कई पार्षद व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने उम्मीद जताई कि 50 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलते ही सीहोर में विकास के एक नए युग की शुरुआत होगी।