- @सीहोर। जिले में मानसून की मेहरबानी एक बार फिर देखने को मिल रही है। कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को सीहोर शहर में भादो मास की पहली झड़ी लग गई। सुबह से ही शुरू हुआ रिमझिम और तेज बारिश का दौर जारी है, जिससे मौसम सुहावना हो गया। बारिश के आंकड़ों के लिहाज से सीहोर शहर पूरे जिले में टॉप स्थान पर बना हुआ है।
आंकड़ों के अनुसार सीहोर-आष्टा क्षेत्र में इस बार पिछले साल की तुलना में बेहतर बारिश दर्ज की गई है, जबकि जिले के अन्य ब्लॉक बारिश के मामले में अभी पीछे हैं। सीहोर शहर में इस सीजन में अब तक कुल 38.5 इंच बारिश हो चुकी है, जो पूरे जिले की तहसीलों में सबसे अधिक है।
पिछले 24 घंटों में कहां कितनी बारिश
भू-अभिलेख कार्यालय से मिले आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में जिले में औसतन 0.71 इंच बारिश दर्ज की गई। तहसीलवार आंकड़े के अनुसार सीहोर में 1.55 इंच, आष्टा 1.26 इंच, जावर 0.83 इंच, भैरुंदा 0.79 इंच, इछावर 0.63 इंच, श्यामपुर 0.43 इंच, रेहटी 0.14 इंच, बुधनी 0.08 इंच बारिश दर्ज की गई है।
जिले में अब तक की स्थिति
1 जून से 4 सितंबर तक जिले में औसतन 30.39 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो कि सामान्य औसत बारिश 45.21 इंच से अभी कम है। पिछले वर्ष इसी अवधि तक जिले में 35.92 इंच बारिश हो चुकी थी, यानी पिछले साल के मुकाबले इस बार औसतन 5.53 इंच कम पानी गिरा है।
तहसीलवार बारिश की स्थिति
15 जून से 4 सितंबर तक जिले में अब तक सबसे ज्यादा बारिश सीहोर 37.96 इंच दर्ज की गई है, जबकि रेहटी में 34.16 इंच, भैरुंदा 33.23 इंच, बुधनी 30.28 इंच, आष्टा 29.61 इंच, इछावर 28.07 इंच, श्यामपुर 27.48 इंच और जावर में 22.36 इंच बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों तक जिले में हल्की से मध्यम बारिश का यह दौर इसी तरह जारी रहने की संभावना है।


