#पेट्रोल पंप के सामने कार-बाइक की भिड़ंत, युवक की मौत

@सीहोर। इछावर थाना क्षेत्र में भारत पेट्रोल पंप के सामने कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार आमने-सामने की भिड़ंत में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए।
इछावर थाना प्रभारी रामबाबू राठौर के अनुसार हादसा इछावर थाने के पास स्थित भारत पेट्रोल पंप के सामने हुआ। बताया गया है कि मारुति कार और मोटरसाइकिल आमने-सामने आ गईं और दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत के बाद बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने संदीप परमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं दो अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। उनकी हालत को लेकर पुलिस द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है।
आष्टा में फ्लेक्स प्रिंटिंग का काम करता था संदीप
मृतक की पहचान संदीप परमार के रूप में हुई है। थाना प्रभारी के अनुसार संदीप संभवत: आष्टा या उसके आसपास के ग्रामीण क्षेत्र का निवासी था। वह आष्टा में फ्लेक्स प्रिंटिंग का काम करता था। हादसे की खबर सामने आते ही उसके परिवार में मातम पसर गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी है। पुलिस के मुताबिक बाइक पर संदीप समेत तीन युवक सवार थे। घायल हुए दोनों युवक आपस में मामा-बुआ के भाई बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद दोनों को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।