कांवड़ यात्रा के सफल आयोजन पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति ने लिया पंडित प्रदीप मिश्रा का आशीर्वाद, दी बधाई

#सीहोर। पंडित प्रदीप मिश्रा के पावन सानिध्य में आयोजित भव्य एवं ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा के सफल आयोजन पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति ने कुबेरेश्वर धाम पहुंचकर पंडित प्रदीप मिश्रा के दर्शन किए। इस दौरान सुदीप प्रजापति ने पंडित जी का आशीर्वाद प्राप्त कर उन्हें इस विशाल और भव्य आयोजन की सफलता के लिए बधाई दीं।
इस खास मौके पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति ने कहा कि पंडित प्रदीप मिश्रा जी के दिव्य मार्गदर्शन में आयोजित इस कांवड़ यात्रा ने सीहोर की धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान को देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में और अधिक मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि देश-विदेश के कोने-कोने से आए लाखों शिवभक्तों का इस ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा में शामिल होना हम सभी सीहोरवासियों के लिए अत्यंत गौरव और सम्मान का क्षण है। इतनी विशाल संख्या में श्रद्धालुओं का सीहोर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी अटूट आस्था प्रकट करना पूरे नगर के लिए गर्व की बात है।
शिवमय हुआ पूरा शहर
सुदीप प्रजापति ने यात्रा के माहौल को याद करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान संपूर्ण सीहोर शहर हर-हर महादेव और जय शिव शंभू के जयघोषों से पूरी तरह शिवमय हो उठा था। देश भर से आए श्रद्धालुओं की अपार आस्था, उत्साह और स्थानीय लोगों के सेवाभाव ने इस आयोजन को ऐतिहासिक और यादगार बना दिया। सुदीप प्रजापति ने इस सफल आयोजन के लिए पंडित प्रदीप मिश्रा जी के साथ-साथ सभी सहयोगी संस्थाओं, दिन-रात जुटे सेवाभावी कार्यकर्ताओं और समर्पित शिवभक्तों का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सुदीप प्रजापति के साथ अक्षय राज सिंह चौहान, अनुराग मिश्रा और राहुल विजयवर्गीय मौजूद रहे।