@सीहोर। टॉकीज सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठन द्वारा बुधवार देर शाम विधायक कार्यालय में एक विशेष युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन उत्साहजनक माहौल में किया गया। इस बैठक में संगठन के सदस्यों के साथ विधायक सुदेश राय के प्रतिनिधि व युवा नेता राजकुमार जायसवाल मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने टॉकीज ग्रुप की सामाजिक पहल की सराहना करते हुए आगामी आयोजनों को भव्य और सफल बनाने के लिए सुझाव दिए।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि व युवा नेता राजकुमार जायसवाल ने सदस्यों के साथ मिलकर भावी योजनाओं पर गहन मंथन किया। जायसवाल ने टॉकीज ग्रुप द्वारा किए जा रहे सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यों की तारीफ करते हुए कहा कि युवाओं की यह ऊर्जा समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही है। उन्होंने आने वाले दिनों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावकारी बनाने के लिए अपने विचार और मार्गदर्शन साझा किया।
संवाद कार्यक्रम में राजकुमार जायसवाल के साथ बीजेपी जिला महामंत्री पंकज गुप्ता, नगर मंडल-1 अध्यक्ष सुदीप प्रजापति और बंटी राठौर भी विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में संगठन के प्रयासों की सराहना की और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
रचनात्मक अभियानों की बनी रूपरेखा
संवाद के दौरान आने वाले दिनों में आयोजित होने वाले विभिन्न सामाजिक अभियानों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। युवाओं को समाज सेवा और रचनात्मक गतिविधियों से जोडऩे के लिए नए संकल्प लिए गए।


