सावन के महीने में #सीहोर पहुंचे 30 लाख से अधिक श्रद्धालु…

@सीहोर। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर आस्था और भक्ति के रंग में रंगे धार्मिक शहर सीहोर में इस वर्ष श्रद्धालुओं का एक नया कीर्तिमान स्थापित हुआ है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के अनुसार सावन के पूरे महीने में देशभर से लगभग 30 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने सीहोर पहुंचकर सीवन नदी से जल भरा और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। भव्य कांवड़ यात्रा के सफल समापन के बाद अब लाखों शिवभक्त अगले बरस फिर आएंगे का पावन संकल्प लेकर अपने-अपने गंतव्यों की ओर रवाना हो रहे हैं।
बता दें कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के पावन सानिध्य में मंगलवार को सीवन तट से कुबेरेश्वर धाम तक निकाली गई भव्य कांवड़ यात्रा के समाप्त होने के घंटों बाद भी शहर का माहौल पूरी तरह शिवमय बना रहा। मंगलवार दोपहर 3 बजे यात्रा के समापन के बावजूद बुधवार देर रात तक सीहोर से भोपाल तक 40 किलोमीटर के मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी चहल-पहल देखने को मिली। सडक़ों पर सैकड़ों की संख्या में चल रहे ऑटो और वाहनों की कतारें किसी चलती हुई ट्रेन जैसी नजर आ रही थीं। सीहोर और भोपाल के रेलवे स्टेशनों व बस स्टैंडों पर दिनभर श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ता रहा। रेलवे द्वारा कई ट्रेनों को विशेष स्टॉपेज दिए जाने के बाद भी सामान्य से लेकर रिजर्वेशन कोच तक में भक्तों को जहां जगह मिलीए वे सवार होकर रवाना हुए।

कारगर रही प्रशासन की प्लानिंग, एक भी दुर्घटना नहीं
एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे ने बताया कि 30 लाख से अधिक श्रद्धालुओं की सुरक्षित मेजबानी के लिए पुलिस और प्रशासन की विशेष रणनीति पूरी तरह कारगर साबित हुई। पूरे महीने और मुख्य यात्रा के दौरान नेशनल हाईवे पर एक समर्पित कॉरिडोर बनाया गया था, जिसकी वजह से पूरे आयोजन के दौरान एक भी सडक़ दुर्घटना या अप्रिय घटना घटित नहीं हुई। डायवर्जन प्लान पर भी सख्ती से अमल किया गया। आयोजन को सुरक्षित संपन्न कराने में पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना और एएसपी डॉ. चौबे के मार्गदर्शन में 1200 जवानों की टीम तैनात रही, जिसमें 800 विशेष जवान अन्य जिलों से बुलाए गए थे। व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारू होने के बाद अब बाहरी पुलिस बल को ससम्मान रवाना कर दिया गया है।

सीपीआर देकर बचाई यूपी के श्रद्धालु की जान
सुरक्षा के साथ-साथ पुलिस जवानों ने इंसानियत की भी एक मिसाल कायम की। अमलाहा डायवर्सन पॉइंट पर तैनात पुलिस टीम ने देखा कि उत्तर प्रदेश निवासी एक श्रद्धालु अचानक अचेत होकर गिर पड़ा। व्यक्ति में हार्ट अटैक के लक्षण देखकर जवानों ने तुरंत मौके पर ही सीपीआर देना शुरू कर दिया। लगातार सीपीआर देने से पीड़ित की सांसें वापस लौट आईं। इसके बाद उसे तत्काल आष्टा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। इस साहसिक कार्य में डीएसपी राजू सिंह बघेल सहित उप निरीक्षक अनिल डोडियार व अन्य जवानों का अनुकरणीय योगदान रहा।

स्वच्छता अभियान में जुटे 300 से अधिक नपा कर्मी
आयोजन के दौरान सीवन तट पर जलाभिषेक के लिए नगर पालिका ने 600 विशेष नल लगाए थे। अब लाखों की भीड़ के लौटने के बाद सीहोर नगर पालिका का अमला शहर को वापस सामान्य स्थिति में लाने के लिए पूरी निष्ठा से जुट गया है। 300 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शहर के चप्पे-चप्पे पर सफाई और कचरा उठान के काम में तैनात हैं।