बाढ़ पीडि़तों के न्याय के लिए कांग्रेस ने निकाली पदयात्रा, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

सीहोर। सीहोर विधानसभा क्षेत्र के लगभग चार दर्जन गांवों में हाल ही में हुई अत्यधिक बारिश और भीषण बाढ़ के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। हजारों परिवारों के बेघर होने, फसलें तबाह होने और लाखों रुपये के नुकसान के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और पीडि़त ग्रामीण महिला-पुरुषों ने श्यामपुर तहसील पहुंचकर तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि बाढ़ पीडि़तों को जल्द से जल्द उचित राहत और मुआवजा नहीं मिला तो यह आंदोलन और उग्र होगा।
नाममात्र का मुआवजा, ऊंट के मुंह में जीरा
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने राज्य सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बाढ़ की वजह से ग्रामीणों का लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, लेकिन सरकार द्वारा कुछ ही लोगों को दी जा रही नाममात्र की राहत राशि ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रही है। गुजराती ने साफ लहजे में कहा यह लड़ाई बाढ़ प्रभावित परिवारों के हक और न्याय की है। हम पीडि़तों को उनका पूरा अधिकार दिलाकर ही दम लेंगे।
ज्ञापन में रखी गई प्रमुख मांगें

  • – बाढ़ से प्रभावित प्रत्येक परिवार के लिए तत्काल विशेष राहत पैकेज घोषित किया जाए।
  • – मकान, दुकान, फसल, अनाज और पशुधन को हुए वास्तविक नुकसान का बिना किसी भेदभाव के सर्वे कराकर पात्र हितग्राहियों को मुआवजा दिया जाए।
  • – जिन किसानों को फसल बीमा का भुगतान आधा अधूरा या कम मिला है, उन्हें पात्रता के अनुसार शेष राशि जल्द से जल्द दी जाए।
  • – किसानों के लिए खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और खाद वितरण पर लगी रोक को तत्काल हटाया जाए।
  • – प्रभावित और बेघर परिवारों को आगामी कुछ महीनों तक मुफ्त खाद्यान्न, दाल, तेल, दैनिक सामग्री और जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं।
  • – बाढ़ से क्षतिग्रस्त सडक़ों, पुल-पुलियों की तत्काल मरम्मत हो और गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल की जाए।
  • – बाढ़ पीडि़त बच्चों को किताबें और शैक्षणिक सामग्री दी जाए, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो। अति-गरीब परिवारों को अतिरिक्त आर्थिक मदद दी जाए।
  • – भविष्य में ऐसी प्राकृतिक आपदा से बचाव के लिए नदी-नालों का गहरीकरण, तटबंधों का निर्माण और वैज्ञानिक जल निकासी व्यवस्था की योजना बनाकर लागू की जाए।
    बड़ी संख्या में मौजूद रहे कांग्रेस नेता और ग्रामीण
    तहसीलदार को ज्ञापन सौंपने के दौरान श्यामपुर, अहमदपुर, दोराहा और सीहोर ब्लॉक के अध्यक्ष-कार्यकर्ताओं समेत विवेक राठौर, घनश्याम यादव, रामनारायण शर्मा, कलीम पठान, पवन गुर्जर, जगदीश चौहान, सत्यनारायण भाटी, अरविंद चौहान, मनोज परमार, घनश्याम मीणा, हफीज चौधरी, देवी सिंह तंवर, अफजल पठान, मांगीलाल पटेल, लोकेश गौर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।