Sehore News: सीहोर। प्रदेश सरकार के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के गृह क्षेत्र इछावर में बुधवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। मोगरा रोड पर बारिश के पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में नहाने उतरे तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई शामिल हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार घटना इछावर के मोगरा रोड पर दोपहर करीब 1 बजे हुई। इछावर के वार्ड नंबर 12 के निवासी तीन बच्चे प्रशांत 12 वर्ष, उसका छोटा भाई पृथ्वीराज 10 वर्ष और उनका दोस्त दीक्षांत 11 वर्ष खेलते-खेलते सडक़ किनारे बने पानी से भरे गड्ढे के पास पहुंच गए थे। तीनों बच्चे नहाने के लिए गड्ढे में उतरे, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण खुद को संभाल नहीं पाए और एक-एक करके डूब गए। प्रशांत और पृथ्वीराज, सुभाष बागरी के बेटे थे, जबकि दीक्षांत, अखिलेश बागरी का बेटा था।
काफी देर बाद उतराते मिले शव
बच्चों के देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद जब परिजन मोगरा रोड की ओर पहुंचे तो उन्हें पानी में बच्चों के शव तैरते मिले। देखते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और परिजन मासूमों के शवों से लिपटकर बिलख-बिलख कर रोने लगे।
कंपनी की लापरवाही पर फूटा गुस्सा
स्थानीय निवासियों के अनुसार जिस गड्ढे में मासूमों की जान गई उसे एलएंडटी कंपनी ने पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदा था। निर्माण काम रुकने के बाद गड्ढे को खुला और बिना किसी सुरक्षा घेरे के छोड़ दिया गया, जिसमें बारिश का पानी भर गया था। क्षेत्र के लोगों ने निर्माण एजेंसी पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस कर रही हर पहलू की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शवों को बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा। एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। गड्ढे के निर्माण, सुरक्षा मानकों की अनदेखी और संबंधित एजेंसी की लापरवाही समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।


