सीहोर। सीहोर विधानसभा क्षेत्र के लगभग चार दर्जन गांवों में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत और न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में बुधवार को अहमदपुर से श्यामपुर तक भव्य राहत पैकेज पदयात्रा की शुरुआत हुई। इस पदयात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, किसानों और बाढ़ पीडि़तों के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी हाथों में कांग्रेस के झंडे थामकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
बता दें हाल ही में आई भीषण बाढ़ के कारण क्षेत्र के दर्जनों गांवों में भारी तबाही हुई है। कई परिवारों के मकान ढह गए हैं, खेतों में खड़ी फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी हैं, जबकि घरों में रखा अनाज, दुकानें और मवेशी बाढ़ के पानी में बह गए हैं। इस आपदा से प्रभावित ग्रामीणों को तुरंत राहत राशि और उचित मुआवजा दिलवाने के लिए कांग्रेस सडक़ पर उतरकर यह लड़ाई लड़ रही है।
दो चरणों में तय हो रहा पदयात्रा का मार्ग
बाढ़ पीडि़तों के हक में निकाली जा रही इस पदयात्रा को दो चरणों में आयोजित किया गया है, जिसमें अहमदपुर से पदयात्रा की शुरुआत हुई। यह यात्रा वनखेड़ा होते हुए चरनाल पहुंचेगी, जहां पदयात्रियों का अल्प विश्राम रहेगा। इसके बाद दूसरे चरण छतरी गांव से प्रारंभ होगा, जो सोठी होते हुए श्यामपुर पहुंचेगा।
श्यामपुर तहसील कार्यालय का घेराव कर सौंपेंगे ज्ञापन
पदयात्रा का समापन श्यामपुर तहसील कार्यालय पर होगा। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता और बाढ़ प्रभावित ग्रामीण मिलकर तहसील कार्यालय का घेराव करेंगे और प्रशासनिक अधिकारियों को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें
- – बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार को तुरंत विशेष राहत पैकेज दिया जाए।
- – राजस्व विभाग द्वारा निष्पक्ष और पारदर्शी सर्वे कराकर वास्तविक नुकसान का मुआवजा दिया जाए।
- – बेघर हुए परिवारों और प्रभावित किसानों को हर संभव आर्थिक और राशन सहायता प्रदान की जाए।
- – जिला कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी है कि यदि बाढ़ पीडि़तों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा और राहत – राशि नहीं प्रदान की गई तो आने वाले दिनों में और अधिक उग्र आंदोलन किया जाएगा।


