Sehore News: सीहोर। जन्मदिन सिर्फ खुशियां मनाने या औपचारिकताओं तक सीमित रहने का दिन नहीं, बल्कि समाज और नई पीढ़ी के लिए कुछ बेहतर करने का अवसर भी बन सकता है। इसी सोच के साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती के जन्मदिन पर इस बार एक बेहद खास पहल की जा रही है। राजीव गुजराती इस बार जेन-जी यानी नई पीढ़ी के स्कूली बच्चों के साथ अपने जन्मदिन की खुशियां बांटेंगे। इस अवसर पर ढोल-धमाकों, आतिशबाजी और किसी भी तरह के दिखावे से दूरी बनाते हुए सेवा संकल्प के रूप में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस सेवा संकल्प के तहत एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत क्षेत्र के विद्यालयों के माध्यम से लगभग 3000 जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री भेंट की जाएगी। इस पहल का सीधा उद्देश्य संसाधनों के अभाव से जूझ रहे स्कूली बच्चों को प्रोत्साहन देना और उनके शिक्षा के सफर को आसान बनाना है।
उत्सव नहीं, सेवा का अवसर है जन्मदिन
अपनी इस सोच को साझा करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि जन्मदिन की असली खुशी और सार्थकता तभी है जब वह किसी जरूरतमंद बच्चे के काम आ सके। उन्होंने कहा जब हमारी छोटी सी कोशिश किसी बच्चे के चेहरे पर मुस्कान लाती है और उसकी पढ़ाई में मददगार बनती है तो उससे बड़ा कोई उपहार नहीं होता। हमारा लक्ष्य जन्मदिन को आडंबर की जगह जेन-जी और जरूरतमंद बच्चों की सेवा का माध्यम बनाना है।


