Sehore News: सीहोर। मानसून की शुरुआत से ही बारिश के मामले में पिछड़ रहे सीहोर ब्लॉक ने महज 5 घंटे की मूसलाधार बारिश से पिछले साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात 5 घंटे में हुई ताबड़तोड़ बारिश के बाद अब तक कुल 27.272 इंच (681.8 मिमी) बारिश दर्ज हो चुकी है, जो पिछले साल 11 अगस्त तक दर्ज की गई 27.252 इंच (681.3 मिमी) बारिश से आगे निकल गई है। हालांकि सोमवार दोपहर बाद बारिश थमने से मंगलवार को लोगों ने राहत की सांस ली और अब अपने उजड़े आशियानों को सहेजने में जुट गए हैं।
बता दें पिछले एक हफ्ते से सुस्त पड़ा मानसून रविवार रात 1 बजे से अचानक प्रचंड हो गया। रात 3 से 5 बजे के बीच महज दो घंटे में 5 इंच पानी गिर गया। सुबह 8 बजे तक 7 घंटे के भीतर श्यामपुर में 8 इंच और सीहोर शहर में 7 इंच बारिश दर्ज की गई। इस मूसलाधार बारिश से सीवन और कुलांस नदियां उफान पर आ गईं। करबला पुल, मछली पुल और बिलकिसगंज मार्ग पर पानी भर जाने से कई प्रमुख रास्तों पर सोमवार दोपहर तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा।
रेस्क्यू कर 5 बच्चों समेत 15 लोगों को बचाया
बारिश से उपजे जलप्रलय के बीच राहत और बचाव टीम ने कई जिंदगियां बचाईं। जमनी पड़ली गांव में एक गर्भवती महिला के गंभीर हालात में फंसने पर एनडीआरएफ 108 एम्बुलेंस टीम और प्रशासनिक अधिकारियों ने उफनते नाले को पार कर सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया, जहां जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। इसके अलावा भीलखेड़ी गांव में पानी से घिरे एक ही परिवार के 10 लोगों (जिनमें 5 बच्चे शामिल थे) और गोपालपुरा से 4 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला गया।
बिजली व्यवस्था ठप, कॉलोनियां हुईं जलमग्न
मूसलाधार बारिश के चलते एमपीईबी चौराहा स्थित 33 केवी सब स्टेशन और जोन.2 कार्यालय में पानी घुस गया, जिससे शुगर मिल चौराहा, श्रीराम कॉलोनी, वृंदावन कॉलोनी, विवेकानंद कॉलोनी समेत शहर के कई हिस्सों में घंटों बिजली बंद रही। छापरी-दोराहा और वनखेड़ा में दो कच्चे मकान ढह गए, वहीं दर्जनों गांवों में फसलों और दुकानों का भारी नुकसान हुआ है।
मंगलवार को मिली राहत, लेकिन संकट अभी टला नहीं
सोमवार दोपहर बाद बारिश थमने के बाद मंगलवार को प्रभावित लोग अपने पानी भरे घरों की सफाई और बिखरे सामान को दुरुस्त करने में लगे रहे। मौसम विभाग के अनुसार जिले में अब तक औसतन 24.33 इंच बारिश हो चुकी है। हालांकि मध्य प्रदेश पर बने चक्रवाती घेरे के कारण अगले 24 से 48 घंटों में फिर से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जिससे संकट अभी पूरी तरह टला नहीं है।
तहसीलवार बारिश की स्थिति
सीहोर: इस वर्ष 681.8 मिमी, गत वर्ष 681.3 मिमी
आष्टा: इस वर्ष 641.0 मिमी, गत वर्ष 452.0 मिमी
जावर: इस वर्ष 532.0 मिमी, गत वर्ष 403.4 मिमी
श्यामपुर: इस वर्ष 610.9 मिमी, गत वर्ष 663.6 मिमी
इछावर: इस वर्ष 617.0 मिमी, गत वर्ष 664.3 मिमी
भैरुंदा: इस वर्ष 625.0 मिमी, गत वर्ष 652.0 मिमी
बुधनी: इस वर्ष 656.0 मिमी, गत वर्ष 975.0 मिमी
रेहटी: इस वर्ष 708.2 मिमी, गत वर्ष 870.6 मिमी


