Sehore News: सीहोर। मध्य प्रदेश में बीते 3 अगस्त से जारी पटवारियों की प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल आखिरकार स्थगित हो गई है। राजस्व मंत्री, प्रमुख सचिव राजस्व और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई मैराथन बैठकों के सकारात्मक नतीजों के बाद पटवारी संघ ने काम पर लौटने का फैसला किया है। पटवारी संघ सीहोर के जिलाध्यक्ष संजय राठौर ने बताया कि मध्य प्रदेश पटवारी संघ भोपाल के प्रांताध्यक्ष उपेंद्र सिंह बघेल और वरिष्ठ पदाधिकारियों की सहमति से आंदोलन को 3 महीने के लिए स्थगित कर दिया गया है।
पटवारी संघ जिलाध्यक्ष संजय राठौर ने बताया कि भोपाल के पीआरसी भवन में अधिकारियों के साथ चली 3 घंटे से अधिक की लंबी बैठक में पटवारियों की मांगों पर सहमति बनी, जिसमें 2 प्रमुख मांगों के आदेश जारी कर दिए गए हैं, जबकि विभागीय नायब तहसीलदार परीक्षा की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संघ पदाधिकारियों के तबादलों की सूची का समाधान और लंबित विभागीय परीक्षा के आदेश शीघ्र जारी होंगे। नवीन पटवारियों को 100 प्रतिशत वेतन देने पर अन्य विभागों के अनुसार विचार किया जाएगा। सबसे महत्वपूर्ण कैडर रिव्यू की मांग के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में राजस्व, वित्त और सामान्य प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम बनाई गई है, जो 3 महीने में निर्णय लेगी। हड़ताल के दिनों को कार्य दिवस मानते हुए वेतन जारी करने पर अधिकारियों ने सहमति जताई है।
मुख्यमंत्री से मिला आश्वासन
जिलाध्यक्ष राठौर ने बताया कि आंदोलन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी प्रांताध्यक्ष एवं पदाधिकारियों की मुलाकात हुई। मुख्यमंत्री ने पटवारियों को न्यायोचित मांगों के जल्द निराकरण का आश्वासन दिया और प्रभारी मंत्रियों को समस्याएं सुनने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के जन विश्वास अभियान और किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए पटवारी संघ ने 3 महीने के लिए आंदोलन स्थगित कर दिया है। सीहोर जिले के सभी पटवारी अब वापस काम पर लौट आए हैं।


