सीहोर भाजपा की कार्रवाई, पदाधिकारी पदमुक्त

Sehore News: सीहोर। भारतीय जनता पार्टी के संगठन के भीतर अनुशासनहीनता को लेकर जिला स्तर पर एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। भाजपा सीहोर के जिला संगठन ने अनुशासनहीनता और संगठन के मापदंडों का उल्लंघन करने पर जिला सह कोषाध्यक्ष अनिता ठाकरे को उनके पद से तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया है।
भाजपा जिला महामंत्री जितेंद्र गौड़ द्वारा जारी पत्र के अनुसार यह अनुशासनात्मक कार्रवाई भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा के स्पष्ट निर्देशों और प्रदेश संगठन द्वारा तय किए गए मापदंडों के तहत की गई है। जारी किए गए आधिकारिक पत्र में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि अनिता ठाकरे को सीहोर के जिला सह कोषाध्यक्ष पद से तत्काल प्रभाव से हटाया जाता है।
शीर्ष नेतृत्व को दी गई जानकारी
संगठन द्वारा जारी इस आदेश की प्रतिलिपि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, संभाग प्रभारी डॉ. तेजबहादुर सिंह, जिला प्रभारी विकास विरानी और जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा को सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है। अचानक हुई इस अनुशासनात्मक कार्रवाई के बाद जिले की राजनीतिक गलियारों और पार्टी संगठन में हडक़ंप मच गया है। हालांकि संगठन की ओर से इस बर्खास्तगी के पीछे के विशिष्ट कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन इसे पार्टी के आंतरिक अनुशासन को बनाए रखने बड़ा कदम बताया है।