सीहो। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशों का पालन करते हुए जिले में यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से 10 दिवसीय विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 5 अगस्त को पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के मार्गदर्शन में जिले भर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सघन चेकिंग की। चेकिंग के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 314 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई और उनसे कुल 1 लाख 57 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे ने खुद सेकड़ाखेड़ी जोड़ पर पहुंचकर चेकिंग का निरीक्षण किया और मौके पर तैनात पुलिस बल को निष्पक्ष व मुस्तैदी से चेकिंग करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
बुधनी में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, मौत
एक तरफ जहां पुलिस अभियान चलाकर चालकों को जागरूक कर रही है, वहीं दूसरी तरफ लापरवाही के कारण सडक़ हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। 5 अगस्त की रात करीब 8.30 बजे एनएच-46 पर स्थित भारत पेट्रोलियम पंप के सामने बुधनी में एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार आयशर ट्रक के चालक ने वाहन को तेजी व लापरवाही से चलाते हुए कमलेश यादव की मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में गंभीर चोटें आने के कारण कमलेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बुधनी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और दुर्घटनाग्रस्त आयशर ट्रक को जब्त कर मामला दर्ज करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


